1–3 दिसंबर के संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सीटू गौतम बुद्ध नगर चलाएगी व्यापक जन-जागरण अभियान
बैठक में हजारों लोगों को दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद मार्च में शामिल कराने का संकल्प

नोएडा : गौतम बुद्ध नगर। 1 से 3 दिसंबर 2026 तक दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद भवन तक आयोजित होने वाले संसद मार्च की तैयारियों को लेकर आज सीटू जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर के कार्यकर्ताओं की बैठक सीटू कार्यालय, भंगेल फेज-2, नोएडा में जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सीटू जिला महासचिव कामरेड रामस्वारथ ने संसद मार्च को सफल बनाने के लिए जिले में चलाए जा रहे अभियान की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा करने के बाद बैठक में निर्णय लिया गया कि गौतम बुद्ध नगर में व्यापक स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा तथा मजदूरों, कर्मचारियों और अन्य मेहनतकश लोगों को संसद मार्च के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए हजारों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक को सीटू दिल्ली-एनसीआर राज्य महासचिव कामरेड पी. वी. अनियन, सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रामसागर तथा जिला कोषाध्यक्ष सुनील पंडित सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों, सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाने के लिए मजदूरों की व्यापक एकजुटता और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जिले के औद्योगिक क्षेत्रों, कारखानों और श्रमिक बस्तियों में अभियान को तेज करें तथा अधिक से अधिक मजदूरों को संसद मार्च में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में संकल्प लिया गया कि सीटू जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर संसद मार्च की तैयारी के लिए पूरी ताकत से अभियान चलाएगी और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम: 1–3 दिसंबर 2026, रामलीला मैदान, नई दिल्ली से संसद मार्च।


