अन्य खबर

डोमिनगढ़ स्टेशन पर महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित – महिला सशक्तिकरण और बौद्ध विरासत का संगम

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन, स्टेशन सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। मण्डल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ मण्डल के गोरखपुर परिक्षेत्र में स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन डोमिनगढ़ पर ध्यान मुद्रा में महात्मा बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।

स्टेशन पर स्थापित यह शांत, ध्यान-मुद्रा में विराजमान बुद्ध प्रतिमा, जिस पर आकर्षक फव्वारा एवं रंगीन प्रकाश व्यवस्था की गई है, न केवल स्टेशन की शोभा बढ़ा रही है, बल्कि यात्रियों को शांति, करुणा और मैत्री का संदेश भी दे रही है। यात्रियों द्वारा इस पहल की अत्यंत सराहना की जा रही है। डोमिनगढ़ स्टेशन वर्तमान में महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक से लेकर टिकट आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा एवं परिचालन तक की सभी जिम्मेदारियाँ महिला रेलकर्मियों द्वारा कुशलतापूर्वक निर्वहन की जा रही हैं। यह भारतीय रेल में ‘नारी शक्ति’ एवं महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण है। महिला कर्मचारियों के नेतृत्व में स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा, यात्री सेवाओं तथा अनुशासन का स्तर उल्लेखनीय रूप से बेहतर हुआ है।
मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि डोमिनगढ़ स्टेशन पर बुद्ध प्रतिमा की स्थापना और महिला संचालन – दोनों ही भारतीय रेल की दो महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं – ‘विरासत को सम्मान’ और ‘नारी शक्ति को प्रणाम’ को एक साथ दर्शाते हैं। लखनऊ मण्डल भविष्य में भी स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और आधुनिक यात्री सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
डोमिनगढ़ स्टेशन का बौद्ध सर्किट में विशेष स्थान है। यह स्टेशन गोरखपुर के समीप स्थित है और कुशीनगर, लुम्बिनी, श्रावस्ती, कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों का प्रवेश द्वार माना जाता है। गोरखपुर से प्रतिवर्ष हजारों देशी-विदेशी बौद्ध श्रद्धालु एवं पर्यटक भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर तथा जन्मस्थली लुम्बिनी की यात्रा के लिए प्रस्थान करते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button