राजर्षि पुरुषोन्तमदास टंडन जयंती पर हिन्दी रत्न सम्मान-2026 से अलंकृत होंगे पद्मश्री प्रसून जोशी
"हिन्दी की उंगली पकड़कर खड़ा हुआ हूं मैं, इसी मिट्टी के आंगन में बड़ा हुआ हूं मैं।"

नई दिल्ली : राजर्षि पुरुषोन्तमदास टंडन जयंतीके अवसर पर एक अगस्त 2026 को पद्मश्री प्रसून जोशी (प्रख्यात कवि, गीतकार, संचार विशेषज्ञ एवं अध्यक्ष प्रसार भारती) को हिन्दी रत्न सम्मान 2026 से अलंकृत किया जाएगा।
यह कार्यक्रम हिन्दी भवन, 11 विष्णु दिगम्बर मार्ग, नई दिल्ली में शनिवार शाम 5:30 बजे से होगा.
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पद्मभूषण रजत शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार, अध्यक्ष एवं प्रधान संपादक- इंडिया टीवी) होंगे जब कि अध्यक्षता प्रभात कुमार (संरक्षक – हिन्दी भवन, पूर्व कैबिनेट सचिव, पूर्व राज्यपाल- झारखंड) करेंगे. सानिध्य पद्मश्री मालिनी अवस्थी (प्रख्यात लोकसंगीत संवाहिका) का रहेगा.
इस अवसर पर विशिष्ट वक्तव्य पद्मश्री अशोक चक्रधर (प्रख्यात व्यंग्यकार, साहित्यकार) का होगा.समारोह के निवेदक डॉ. गोपाल चन्द्र मिश्र अध्यक्ष हिन्दी भवन,
डॉ. गोविन्द व्यास मंत्री व डॉ. रत्नावली कौशिक सह-मंत्री हैँ.
” हिन्दी की उंगली पकड़कर खड़ा हुआ हूं मैं, इसी मिट्टी के आंगन में बड़ा हुआ हूं मैं। “
पद्मश्री प्रसून जोशी सृजनात्मक अभिव्यक्ति के क्षेत्र में एक बहुआयामी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। साहित्य, सिनेमा, संचार- विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। मिट्टी की सुगंध और कल्पना की उड़ान लिए उनकी रचनाओं ने भारतीय समाज की चेतना को समृद्ध किया है। वर्तमान में वह प्रसार भारती के अध्यक्ष के पद पर महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं।
प्रसून जोशी का जन्म अल्मोड़ा के दन्या ग्राम में हुआ। बचपन से ही कविता व लेखन से उनका जुड़ाव रहा। 17 वर्ष की आयु में तो उनकी एक पुस्तक प्रकाशित भी हो गई। लेकिन फिर फिजिक्स में एम.एस.सी. कर एम.बी.ए. किया। उत्तराखंड की साधारण पाठशालाओं से लेकर मुंबई के कॉरपोरेट और फिल्म जगत के शीर्ष शिखरों तक की यात्रा, उनकी बहुआयामी विविधता का उदाहरण है। उनकी रचनाएँ समकालीन सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय प्रश्नों से गहरा संवाद स्थापित करती हैं। युवा पीढ़ी के साथ उनका रचनात्मक जुड़ाव उन्हें एक प्रभावशाली सांस्कृतिक स्वर बनाता है।
फिल्म और साहित्य के अतिरिक्त विज्ञापन जगत में भी प्रसून जोशी का नाम अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा का पर्याय है। उन्होंने अनेक वैश्विक ब्रांडों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ भारतीय भाषाओं, संवेदनाओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों को विज्ञापन की भाषा में प्रतिष्ठित किया।
सामाजिक सरोकारों से जुड़े उनके विभिन्न विज्ञापन-अभियान न केवल जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुँचे बल्कि वे व्यापक सामाजिक चेतना के वाहक भी बने।
हिन्दी भाषा, भारतीय संस्कृति तथा सृजनात्मक अभिव्यक्ति के संवर्द्धन एवं प्रसार में श्री प्रसून जोशी के अमूल्य योगदान के लिए उन्हें ‘हिन्दी रत्न सम्मान’ 2026 से अलंकृत कर हिन्दी भवन अत्यंत हर्ष का अनुभव करता है।


