एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, कुलजीत सिंह चहल ने किया 32वें रविवार वृक्षारोपण का नेतृत्व

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने गोल मार्केट स्थित काली बाड़ी मार्ग के ब्लॉक 49 से 55, टाइप-III, केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आरडब्ल्यूए परिसर में ‘#एक_पेड़_माँ_के_नाम_ऑन_संडे’ अभियान के लगातार 32वें रविवार आयोजित सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर चहल ने ‘आपके द्वार सुशासन’ पहल के अंतर्गत आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी जनसमस्याएँ सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चहल ने कहा कि यह अभियान लगातार 32वें रविवार भी पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों की बढ़ती जागरूकता एवं सहभागिता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले इन वृक्षारोपण अभियानों के अतिरिक्त एनडीएमसी विश्वविद्यालयों, दूतावासों एवं विभिन्न संस्थानों के सहयोग से भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
उन्होंने अभियान में बढ़ती जनभागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम एनडीएमसी के समर्पित प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयास नई दिल्ली को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय सरकारी कर्मचारी आरडब्ल्यूए के संरक्षक श्री पवन कुमार, अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार, उपाध्यक्ष श्री भैरव नाथ, महासचिव श्री लक्ष्मी कुमार, कोषाध्यक्ष श्री अजय वाजपेयी, सदस्य डॉ. दीपक अहीर, कुमारी प्रियंका, श्री विक्रम सिंह नेगी एवं श्री अनिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण किया।
प्रतिभागियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक मूल्यों से जोड़ते हुए समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करता है तथा पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के बीच एक भावनात्मक संबंध स्थापित करता है।
इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। अपनी माँ के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा माँ प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव है।”
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित संरक्षण, सिंचाई और देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित एवं पोषित करने का आह्वान किया।
श्री चहल ने बताया कि एनडीएमसी ने वर्षभर के लिए एक ग्रीन कैलेंडर तैयार किया है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार नई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल, सड़क, जलापूर्ति, जलनिकासी एवं विद्युत सहित सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से पौधों के संरक्षण एवं उनकी स्वस्थ वृद्धि सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न नागरिक समस्याएँ जैसे पार्क में नए बैडमिंटन कोर्ट की स्थापना, पोर्टा केबिन का पुनर्निर्माण, ओपन जिम, सीवर से सम्बन्धित समस्याएं श्री चहल के समक्ष रखीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ विस्तृत समीक्षा कर सभी समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए तथा नागरिकों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे जनसहभागिता आधारित अभियान ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जहाँ स्वच्छ पर्यावरण, सुदृढ़ नागरिक अवसंरचना एवं जनभागीदारी राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार बनेंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य, सिविल, सड़क, जलापूर्ति, जलनिकासी एवं विद्युत विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
‘#एक_पेड़_माँ_के_नाम_ऑन_संडे’ जैसे अभियानों के माध्यम से एनडीएमसी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ, हरित, सतत एवं पर्यावरण-सचेत भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह पहल जनभागीदारी, सतत विकास एवं शहरी हरित क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से एक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल नई दिल्ली के निर्माण के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।



