स्टेट गेम्स खिलाड़ियों को भी मिलेगा सरकारी नौकरी का लाभ : दीपा शर्मा
हरियाणा सरकार का खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा

हरियाणा ‘ हरियाणा सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों के हित में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरियों में लाभ देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
सरकार के इस निर्णय के अनुसार अब राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता एवं पात्र खिलाड़ियों को ग्रुप-सी एवं ग्रुप-डी की सरकारी भर्तियों में खेल कोटा एवं निर्धारित वेटेज का लाभ मिलेगा। अब तक यह सुविधा मुख्य रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को ही प्राप्त थी। सरकार का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा युवाओं का खेलों के प्रति रुझान और अधिक बढ़ेगा।
इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए ह्यूमन राइट्स की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती दीपा शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हरियाणा के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
दीपा शर्मा ने कहा, “मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी एवं खेल मंत्री गौरव गौतम जी का यह निर्णय हरियाणा के लाखों खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। अब हमारे गांवों की बेटियां भी स्टेट गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सरकारी नौकरी का सपना साकार कर सकेंगी। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के साथ-साथ ‘बेटी खिलाओ, बेटी बढ़ाओ’ का संकल्प भी इस निर्णय से और अधिक मजबूत होगा। मैं प्रदेश के समस्त खिलाड़ियों की ओर से हरियाणा सरकार का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इससे विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी।
सरकार की इस घोषणा के बाद प्रदेशभर के स्टेट लेवल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों का मानना है कि यह निर्णय उन्हें खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा तथा प्रतिभाशाली युवाओं को अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।



