पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता’ का आयोजन स्काउट डेन, ऐशबाग में किया गया

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड, जिला संघ लखनऊ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा जिला आयुक्त गाइड एवं मण्डल चिकित्सा अधिकारी रंजना पाटनी के नेतृत्व में ‘पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर ‘ ड्राइंग प्रतियोगिता’ का आयोजन स्काउट डेन, ऐशबाग में किया गया।
आयोजित प्रतियोगिता में स्काउट-गाइड एवं स्थानीय बच्चों सहित लगभग 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी रंग-बिरंगी कलाकृतियों एवं पोस्टरों के माध्यम से समाज को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया। उनके चित्रों में ‘पर्यावरण को सुरक्षित रखें’, ‘प्रदूषण भगाएं’ तथा ‘ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाकर पर्यावरण बचाएं’ जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए, जो पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
रंजना पाटनी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा बनाए गए ये पोस्टर्स समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी कलाकृतियों को स्काउट डेन, ऐशबाग एवं पॉलीक्लिनिक, ऐशबाग में प्रदर्शित किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग इन प्रेरणादायक संदेशों को देख सकें। उन्होंने प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला सचिव अनूप कुमार, जिला संगठन आयुक्त गाइड प्रिया पुरवार, जिला संगठन आयुक्त स्काउट राघवेंद्र सिंह चौहान, सहायक सचिव दानिश आजमी एवं अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। लखनऊ मण्डल रेल प्रशासन भविष्य में भी बच्चों एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाले ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करता रहेगा।



