कोलंबिया फाउंडेशन की छात्रा लायबा ने हिंदी राष्ट्रभाषा प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण पदक

लखनऊ। कहा जाता है कि यदि हौसले बुलंद हों और गुरुओं का आशीर्वाद साथ हो, तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है कोलंबिया फाउंडेशन स्कूल की होनहार छात्रा कुंवारी लायबा ने। लायबा ने न केवल अपनी कक्षा में ‘बेस्ट पारी’ खेलकर शैक्षणिक श्रेष्ठता सिद्ध की, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी स्वर्ण अक्षरों में अपना नाम दर्ज कराया है।
लायबा पुत्री इज़हार अहमद ने महात्मा गांधी राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार संस्था’ द्वारा आयोजित देशव्यापी हिंदी राष्ट्रभाषा प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। अपनी मेहनत और भाषा पर पकड़ के दम पर उन्होंने इस परीक्षा को प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया। इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए उन्हें सर्टिफिकेट, दो गोल्ड मेडल और एक विशेष शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
लायबा की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों में खुशी की लहर है। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षकों ने लायबा का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के मैनेजर जनाब मजहर साहब, हेड ऑफ टीचर रक्षा मैम, प्रिंसिपल, और क्लास टीचर शाईना मैम व ईरम मैम ने बच्ची को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों के व्यक्तित्व में निखार लाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लायबा भविष्य में भी इसी तरह अपने माता-पिता और स्कूल का नाम रोशन करती रहेंगी।
लायबा के पिता इज़हार अहमद ने इस सफलता पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए स्कूल के समस्त स्टाफ का दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सही मार्गदर्शन के बिना यह मुकाम हासिल करना मुमकिन नहीं था। उल्लेखनीय है कि लायबा के बड़े भाई मो० हुजैफ ने भी कक्षा 8 तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है, जो इस परिवार का स्कूल के प्रति अटूट विश्वास दर्शाता है।



