“देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए, कुलजीत सिंह चहल ने राष्ट्रीय मंदिर में वृक्षारोपण किया”

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई प्रेरणादायी पहल ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने देश के प्रथम राष्ट्रीय मंदिर, विश्व रामायण धाम में आयोजित विशेष वृक्षारोपण अभियान में राष्ट्रीय मंदिर के संस्थापक श्री अजय भाई जी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आगंतुको के साथ सहभागिता कर वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर चहल कहा कि आज हम देश के प्रथम राष्ट्र मंदिर – विश्व रामायण धाम (दिल्ली) में एकत्रित हुए हैं, ताकि यहाँ अपने देश और मातृभूमि के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा सके। दिल्ली के नंगली पूना स्थित यह मंदिर भारत का प्रथम राष्ट्र मंदिर है, जिसकी स्थापना श्री अजय भाई जी द्वारा की गई। यह पावन स्थल रामायण के आदर्शों, सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को समर्पित एक अनूठा आध्यात्मिक-सांस्कृतिक केंद्र है, जहाँ रामलला विराजमान हैं और माँ भारती की प्राण-प्रतिष्ठा विधिवत रूप से संपन्न की गई है।
चहल ने आगे बताया कि राष्ट्र मंदिर – विश्व रामायण धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि यह देश के शहीदों, सैनिकों और वीर-वीरांगनाओं के बलिदानों को नमन करने वाला प्रेरणास्थल है। यहाँ आगंतुकों को भारत माता, भगवान श्रीराम और राष्ट्र रक्षा के प्रतीक देखने को मिलते हैं, जो हर व्यक्ति को देशभक्ति और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देते हैं। मंदिर परिसर में रामायण आधारित धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियाँ, राष्ट्र जागरण कार्यक्रम और सामाजिक सेवाएँ निरंतर आयोजित की जाती हैं, जिससे आध्यात्मिक साधना और राष्ट्र निर्माण का संदेश हर समय प्रवाहित होता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलजीत सिंह चहल ने वीर योद्धाओं एवं संतों को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद की ओर से पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने श्री अजय भाई जी को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।
चहल ने जानकारी देते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित एवं जनभागीदारी आधारित विज़न से प्रेरित होकर इस अभियान को परिषद द्वारा एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। यह अभियान प्रत्येक रविवार नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नागरिक बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। लोगों की सक्रिय सहभागिता यह दर्शाती है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में एक सकारात्मक चेतना और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श चहल ने कहा, यह केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारी माताओं और प्रकृति के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी का प्रतीक है। माँ के नाम पर लगाया गया प्रत्येक पौधा भावनात्मक जुड़ाव के साथ उसके संरक्षण का संकल्प भी है।”
उन्होंने बताया कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों, छात्रों तथा विभिन्न संस्थानों की सहभागिता से विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
चहल ने यह भी जानकारी दी कि परिषद द्वारा अब तक बीस से अधिक देशों के दूतावास परिसरों में भी वृक्षारोपणu किया जा चुका है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के लिए वैश्विक सहयोग को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने बताया कि परिषद के उद्यान विभाग द्वारा एक वार्षिक कार्य योजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हर रविवार नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जाएगा।
चहल ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर ऐसे छोटे-छोटे प्रयास करे, तो इससे न केवल प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सार्थक योगदान होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि परिषद की निरंतर हरित एवं नागरिक-केंद्रित पहलें यह दर्शाती हैं कि शहरी हरियाली शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और रहने योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से प्रेरित होकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और नागरिकों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



