अधिवक्ता के साथ मारपीट के विरोध में लखनऊ बार के अधिवक्ताओं ने किया पुतला दहन, न्याय न मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ : बाराबंकी हैदरगढ़ टोल प्लाजा पर अधिवक्ता साथी रत्नेश शुक्ला के साथ हुए अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की घटना से अधिवक्ता समाज में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में सोमवार को लखनऊ बार एसोसिएशन के गेट नंबर-4 के सामने चौराहे पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने का नेतृत्व लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर वीर प्रसाद ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए लखनऊ बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष (मध्य) प्रत्याशी अनुज बाजपेई ने कहा कि तानाशाही नहीं चलेगी। अधिवक्ता साथी के साथ हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जब अधिवक्ताओं के साथ इस प्रकार की घटनाएँ हो रही हैं और उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारा जा रहा है, तो आम जनता की स्थिति क्या होगी, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर ऐसे लोगों की तैनाती की जाती है जिनके विरुद्ध कहीं-न-कहीं आपराधिक मुकदमे दर्ज होते हैं। इसके बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता साथी के साथ हुई घटना में पुलिस प्रशासन दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहा है, इसी कारण अब तक कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीड़ित अधिवक्ता को तत्काल न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त कानूनी सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुतला दहन किया और आवाज़ दो हम एक हैं,अधिवक्ता एकता ज़िंदाबाद,न्याय दो, न्याय दो,अधिवक्ता भाई को न्याय दो, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद जैसे नारों से चौराहा गूंज उठा।
उपस्थित अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो अधिवक्ता समाज पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ इससे भी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
नवीन कुमार ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से अमित जायसवाल, विवेक श्रीवास्तव, सुमित यादव, अंजलि कटियार, सौरभ त्रिपाठी, रंजीत कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार साहू, ऐश्वर्य पांडे, रोमा गौतम, काशान अंसारी, अंजनी पांडे, जय आर्यन मिश्रा, गौरांग द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।



