लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया वितरण, सेवा और संवेदनशीलता का दिया संदेश
अध्यक्ष कंचन सोलंकी ने सूर्य देव की पूजा कर की सुख-समृद्धि की कामना

लखनऊ। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ में नमो कंचन सेवा समिति द्वारा भीषण ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की अध्यक्ष कंचन सोलंकी और सचिव सोनू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सूर्य देव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें समिति के सदस्यों ने पूरे वर्ष प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष कंचन सोलंकी ने मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, भारत एक कृषि प्रधान देश है और यह पर्व नई फसल के स्वागत व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। सूर्य देव ऊर्जा और सत्य के स्रोत हैं। हमारी समिति का निरंतर प्रयास है कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न केवल सहायता मिले, बल्कि उन्हें सम्मान और सुरक्षा का अहसास भी हो।
समिति के सचिव सोनू ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्य जारी रखेगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समिति के इस मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। क्षेत्रवासियों ने नमो कंचन सेवा समिति के प्रति आभार जताते हुए इसे समाज के प्रति एक अनुकरणीय पहल बताया। इस अवसर पर समिति के अन्य कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


