मैं स्वयं एवं हजारों भाजपा कार्यकर्ता ‘एक्स’ पर आतिशी का वीडियो पोस्ट कर रहे हैं और अगर केजरीवाल में हिम्मत है तो हम सभी पर एफ.आई.आर. दर्ज कराएँ : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुश्री आतिशी मार्लेना से जुड़े विवादित वीडियो को अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को उन पर एवं हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं पर एफ.आई.आर. दर्ज कराने की खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता केजरीवाल द्वारा कराई जाने वाली झूठी एफ.आई.आर. से डरने वाला नहीं है।
प्रेस वार्ता का संचालन प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया और कहा कि “आप” विधायक आतिशी मार्लेना से छिटक रहे हैं पार्टी में बिखराव हो रहा है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, विष्णु मित्तल तथा मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल उपस्थित रहे।
श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सुश्री आतिशी मार्लेना के विवादित बयान से संबंधित वीडियो क्लिप ‘एक्स’ पर साझा की थी, जिसके बाद आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवा दी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज वही वीडियो क्लिप उन्होंने स्वयं अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट किया है और हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं से भी इसे साझा करने का आह्वान किया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि अरविंद केजरीवाल में हिम्मत है तो पंजाब सरकार मेरे सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज कराए।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जिस दिन विधानसभा में यह घटना हुई, उसी दिन सुश्री आतिशी मार्लेना गोवा चली गईं। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक चली विधानसभा कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें नोटिस जारी कर सदन में आकर अपना पक्ष रखने को कहा, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुईं। इसके बावजूद अरविंद केजरीवाल के इशारे पर पंजाब में एफआईआर दर्ज कर दी गई।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल भली-भांति जानते हैं कि विधानसभा के भीतर घटित किसी भी घटना या विवाद पर संज्ञान लेने का अधिकार केवल विधानसभा अध्यक्ष को होता है। आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा फॉरेंसिक जाँच की मांग किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने जाँच के आदेश भी दे दिए थे, लेकिन जाँच रिपोर्ट आने से पहले ही पंजाब सरकार ने सुश्री आतिशी मार्लेना को क्लीन चिट दे दी और मंत्री श्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को अब यह डर सताने लगा है कि उनकी सरकार पंजाब से भी जाने वाली है। इसी घबराहट में वे अनैतिक रूप से पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर दिल्ली के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है।



