मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मध्यरात्रि में औचक निरीक्षण!!

लखनऊ । भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, विशेषकर शीतकाल में जब घने कोहरे के कारण ट्रेन परिचालन में चुनौतियां बढ़ जाती हैं। कोहरा दृश्यता को कम करता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में रेल संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल निरंतर सतर्क और सक्रिय है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने रेल संरक्षा एवं कर्मचारियों की सजगता की जांच के लिए आज मध्यरात्रि में अटरिया स्टेशन तथा अटरिया-सीतापुर सेक्शन के मध्य गेट संख्या 62-सी/ई-2 एवं 54 सी/ई-3 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर, पॉइंट्समैन, गेटमैन आदि कर्मचारियों से सुरक्षित ट्रेन परिचालन के संबंध में विस्तृत चर्चा की। श्री अग्रवाल ने कर्मचारियों को रेल संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए तथा विशेष रूप से शीतकाल में कोहरे की स्थिति में अधिक सतर्कता बरतने पर बल दिया। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कनौजिया भी उपस्थित रहीं।
शीत ऋतु में रेलवे द्वारा कई विशेष उपाय अपनाए जा रहे हैं। गेटमैनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पटरी पर नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे कोहरे में सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित कर सकें।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेल संरक्षा हमारी प्राथमिकता है। औचक निरीक्षणों के माध्यम से हम कर्मचारियों की सजगता सुनिश्चित कर रहे हैं। यात्रियों से अपील है कि वे भी संरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी संदिग्ध स्थिति में तुरंत रेल अधिकारियों को सूचित करें।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल शीतकाल में निर्बाध एवं सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए प्रतिबद्ध है।



