वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के खिलाफ एफआईआर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार संघ ने जताई गहरी नाराजगी
अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी बोले – यह लोकतंत्र पर सीधा हमला

नई दिल्ली : वरिष्ठ और निर्भीक पत्रकार अजीत अंजुम के खिलाफ बिहार में दर्ज एफआईआर को लेकर पत्रकारिता जगत में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकार संघ (रजि.) ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला करार देते हुए गहरी चिंता और रोष प्रकट किया है।
संघ ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक पत्रकार पर कार्रवाई का नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक ताने-बाने को दबाने की कोशिश है। अजीत अंजुम, जो AAA मीडिया न्यूज़ चैनल के प्रधान संपादक हैं, ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ स्तर पर हो रही अनियमितताओं को उजागर किया था। उनके तथ्यों पर आधारित साहसिक रिपोर्टिंग के बाद उन पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसे पत्रकार समाज ने ‘दमनकारी प्रवृत्ति’ करार दिया है।
संघ अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी ने दी तीखी प्रतिक्रिया
संघ के अध्यक्ष विजय शंकर चतुर्वेदी ने अजीत अंजुम के पक्ष में सशक्त बयान देते हुए कहा कि अजीत अंजुम निष्पक्षता और सत्य पर आधारित पत्रकारिता के प्रतीक हैं। उन पर एफआईआर दर्ज करना प्रेस की आज़ादी पर सीधा प्रहार है। प्रशासन का यह कदम न केवल निंदनीय है, बल्कि एक खतरनाक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता की जवाबदेही तय करने के लिए स्वतंत्र मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अगर पत्रकारों को सच उजागर करने पर दंडित किया जाएगा, तो यह न केवल प्रेस की स्वतंत्रता को कमजोर करेगा, बल्कि जनता के अधिकारों को भी चोट पहुंचाएगा।
प्रेस की आज़ादी को लेकर तीन प्रमुख मांगे
संघ ने बिहार प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
अजीत अंजुम पर दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष और तटस्थ जांच की जाए ताकि पत्रकार की गरिमा बनी रहे।
* पत्रकारों को प्रताड़ित करने और डराने-धमकाने की प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगे।
* प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
*पत्रकारिता कोई अपराध नहीं, दमन बर्दाश्त नहीं*
संघ ने स्पष्ट किया है कि वह अजीत अंजुम जैसे निर्भीक पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा, *“हम हर उस पत्रकार के साथ हैं जो सच बोलने की हिम्मत रखता है। लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में पत्रकार समाज झुकेगा नहीं।”*
संघ ने सभी पत्रकारों और प्रेस संस्थानों से एकजुट होकर ऐसे दमनकारी कृत्यों के खिलाफ आवाज़ उठाने की अपील की है।
यह मामला सिर्फ एक एफआईआर नहीं है, यह पत्रकारिता की आत्मा पर प्रश्नचिह्न है। जिस समाज में पत्रकारों को सच बोलने की सजा मिलती है, वह समाज अपने लोकतांत्रिक मूल्य खोने के कगार पर होता है। प्रेस की आज़ादी की रक्षा के लिए यह समय एकजुटता और संघर्ष का है।



