मण्डल रेल प्रबंधक ने किया लखनऊ–अयोध्या रेलखंड का निरीक्षण
सालारपुर, अयोध्या कैंट एवं अयोध्या धाम जं. स्टेशनों की सुविधाओं और संरक्षा मानकों का लिया जायजा

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने 31 मई, 2025 को मण्डल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ की संरक्षा व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया। इस दौरान उन्होंने सालारपुर, अयोध्या कैंट एवं अयोध्या धाम जं. रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं, स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर एवं परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से कर्मचारियों को इस भीषण गर्मी में ट्रैक के रखरखाव को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने एवं मौसमजन्य बदलावों के प्रति सजग रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
सालारपुर स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक ने गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली की समीक्षा की साथ ही उन्होंने साइडिंग में शेड निर्माण कार्य की प्रगति को भी देखा व गुड्स साइडिंग में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए l
अयोध्या कैंट स्टेशन पर रेल गाड़ियों के रखरखाव व मेंटेनेंस कार्य हेतु बनाये जा रहे यूनिवर्सल कोचिंग कॉम्प्लेक्स (वाशिंग लाइन ) के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया l इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य इकाई, आरक्षण कार्यालय, शौचालय, बुकिंग काउंटर और समग्र स्टेशन परिसर का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।
अयोध्या धाम स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक ने आगामी 05 जून, 2025 को अयोध्या में प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए अयोध्या धाम जं. स्टेशन का विशेष निरीक्षण किया l उन्होंने स्टेशन पर कमांड सेंटर, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, शेल्टर, पेयजल, सर्कुलेटिंग एरिया तथा CCTV से पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी व सूचना प्रणाली से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अयोध्या धाम जंक्शन स्टेशन की Second Entry phase 2 redeployments work के बारे में भी जानकारी ली एवं संबंधित एजेंसियों व स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को शीघ्र गति देने पर बल दिया।
मण्डल रेल प्रबंधक ने अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अयोध्या कैंट व अयोध्या धाम स्टेशन पर उपस्थित मीडिया कर्मियों से संवाद किया l इस निरीक्षण कार्यक्रम लखनऊ मण्डल और RITES के अधिकारी भी उपस्थित रहे I



