डंपर से कुचलकर युवक की मौत, शादी में शामिल होने गया था- बारात विदा कर उठी अर्थी

गोराखपुर/गोला : चचेरे भाई के ससुराल शादी समारोह में शामिल होने उरूवा गए बाइक सवार युवक की डंपर ने कुचलकर मौत हो गई। वहीं साथ बैठा उसका पुत्र हादसे में बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज थाना क्षेत्र के संसारपार नौका टोला निवासी दीपक प्रजापति (40) अपने पुत्र आर्यन के साथ चचेरे भाई के ससुराल आया था। वहां पास के चौरहे पर बेटे को लेकर घुमाने गया हुआ था। मौसम बदलता देख वह लौटने लगा तो इस बीच रामजानकी मार्ग पर झरकटा मोड़ के पास डंपर की टक्कर लगने से बाइक लेकर गिर पड़ा और डंपर के पहिए के नीचे आ गया।उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पुत्र बाल-बाल बच गए। घटना के बाद डंपर चालक घटनास्थल से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को थाने पर लेकर आ गई।



