कुलजीत सिंह चहल ने कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में ‘श्रमदान’ – मेगा स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया

कुलजीत सिंह चहल ने कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में ‘श्रमदान’ – मेगा स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया
* माननीय मुख्यमंत्री दिल्ली हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित “मेगा स्वच्छता अभियान – श्रमदान” में कल लेंगी भाग*
_*• 14 सफाई सर्किलों में एक साथ चला एनडीएमसी का मेगा स्वच्छता अभियान*_
_*• 9500 कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की सहभागिता से शुरू हुआ महा श्रमदान*_
_*• प्रत्येक विभाग द्वारा प्रतिदिन एक घंटा स्वच्छता को समर्पित*_
_*• विद्यालयों से लेकर अस्पतालों तक फैला स्वच्छता का संदेश*_
_*दिनांक: 5 मई, 2025*_
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन एवं दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में “मेगा स्वच्छता अभियान – श्रमदान” का नेतृत्व किया।
श्री चहल ने कहा कि यह पहल “हर दिन एक घंटा श्रमदान” अभियान का हिस्सा है जिसमे आज मेरे साथ एनडीएमसी के शिक्षा, वास्तुविद, नागर, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया । इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी के अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने सफदर हाश्मी मार्ग में, परिषद सदस्य श्री डी. पी. सिंह ने लोदी कॉलोनी में तथा परिषद सदस्य श्रीमती सरिता तोमर ने मोती बाग क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया ।
श्री चहल ने जानकारी दी कि कल स्वयं दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित “मेगा स्वच्छता अभियान – श्रमदान” में भाग लेंगी। आने वाले दिनों में और भी प्रमुख हस्तियाँ, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के नेता इस अभियान में भाग लेकर न केवल स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाएंगे, बल्कि समाज में स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनकी सक्रिय सहभागिता से अभियान को नई ऊर्जा और व्यापक जनसहयोग मिलेगा।
श्री चहल ने बताया कि परिषद क्षेत्र में अलग-अलग जगह चलाए गए इस “मेगा स्वच्छता अभियान में लगभग 9500 एनडीएमसी कर्मचारियो ने आज भाग लिया । यह अभियान आज, 5 मई 2025 से शुरू हुआ है और 9 मई 2025, शुक्रवार तक चलेगा। यह अभियान एनडीएमसी के सभी 14 सफाई सर्किलों में संचालित किया गया, जिसमें हर विभाग के कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक एक घंटे का श्रमदान किया और आगे भी करेंगे। इस अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक और स्वयंसेवक भी सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अतिरिक्त, सभी विद्यालयों, सब-स्टेशन, अस्पतालों और औषधालयों ने भी अपने परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया।
श्री चहल ने इसे एनडीएमसी के इतिहास में एक ऐतिहासिक नागरिक पहल बताते हुए कहा कि पहली बार सभी कर्मचारी अपने कार्यालय कार्यों की शुरुआत से पूर्व एक घंटे की सार्वजनिक सफाई गतिविधि में भाग ले रहे हैं। यह सामूहिक प्रयास एनडीएमसी द्वारा अब तक चलाए गए स्वच्छता अभियानों में सबसे व्यापक और समावेशी माना जा रहा है। इस अभियान के सुचारू संचालन और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने हेतु एनडीएमसी ने 14 विभागाध्यक्षों को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है, जिनमें से प्रत्येक को एक सफाई सर्किल की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री चहल ने जानकारी दी कि इस मेगा अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए एनडीएमसी ने संसाधनों की व्यापक व्यवस्था भी की है जिसमे पर्याप्त मात्रा में झाड़ू, हाथ के दस्ताने, बैनर, टोपियाँ आदि शामिल रही। श्री चहल ने जानकारी दी कि प्रतिदिन की स्वच्छता गतिविधियों के अंतर्गत आज कचरा और मलबा हटाना, फुटपाथों की मरम्मत, पार्कों, अंडरपासों, स्कूलों, सरकारी भवनों एवं धार्मिक स्थलों की सफाई शामिल की गई । साथ ही, पेड़ों और झाड़ियों की कटाई, वर्षा जल नालियों एवं सड़क किनारे नालियों की सफाई तथा दीवारों, मध्य पट्टियों एवं बाउंड्री संरचनाओं की रंगाई-पुताई का कार्य भी किया गया ।
श्री चहल ने बताया कि इस दौरान अनाधिकृत विक्रेताओं, विक्रय स्थलों पर कूड़ेदानों की अनुपस्थिति, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग, असंगठित कचरा निपटान, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अवैध होर्डिंग्स और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई ।
उन्होने परिषद क्षेत्र के सभी नागरिकों, आगन्तुको, निवासी कल्याण संघों (RWA), बाजार व्यापार संघों (MTA), विद्यालयों के बच्चों, विशिष्ट जनों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की ।
कुलजीत सिंह चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के स्वप्न को साकार करने के प्रति नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह मिशन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय जनांदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। एनडीएमसी न केवल स्वच्छता मानकों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित है, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे राष्ट्रीय मूल्यांकन में अपनी रैंकिंग को बेहतर बनाकर राजधानी क्षेत्र को स्वच्छता का आदर्श बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
श्री चहल ने जोर देकर कहा कि यह लक्ष्य तभी साकार हो सकता है जब परिषद के प्रत्येक कर्मचारी और आम नागरिक, दोनों मिलकर इसे व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय योगदान दें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सामूहिक भागीदारी से न केवल एनडीएमसी क्षेत्र की छवि बदलेगी, बल्कि यह अभियान देशभर में प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।



