केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिलीं दिल्ली पैरा ओलंपिक कमेटी की अध्यक्ष पारुल सिंह, अंतरराष्ट्रीय पैरा गेम्स में किया आमंत्रित

नई दिल्ली : दिल्ली स्टेट पैरा ओलंपिक कमेटी की अध्यक्ष पारुल सिंह ने मंगलवार को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय पैरा गेम्स में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस बार पैरा गेम्स 26 सितंबर से 7 अक्टूबर 2025 तक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
यह आयोजन भारत की राजधानी में होने वाला अब तक का सबसे बड़ा पैरा खेल आयोजन होगा, जिसमें 115 से अधिक देश भाग लेंगे।
इस मुलाकात के दौरान पारुल सिंह के साथ पैरा ओलंपिक कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव सत्य बाबू, दिल्ली सचिव राहुल कसाना, कमेटी सदस्य ललित, और वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में खास तौर पर पैरा खिलाड़ियों के पोषण और सहयोग को लेकर मंत्रालय और कमेटी के बीच संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। पारुल सिंह ने मंत्री को बताया कि कमेटी किस तरह से खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
बिहार से आने वाले चिराग पासवान ने कमेटी के विज़न और प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह की पहलें दिल्ली के साथ-साथ बिहार और अन्य राज्यों के पैरा खिलाड़ियों को भी लाभ पहुंचा सकती हैं।
पारुल सिंह ने कहा, “हम एक ऐसा माहौल तैयार करना चाहते हैं जहां पैरा खिलाड़ियों को सही पोषण, बेहतर ट्रेनिंग और जरूरी सुविधाएं मिलें। मैं श्री चिराग पासवान जी का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने समय निकालकर हमसे मुलाकात की और हमारे प्रयासों में रुचि दिखाई।



