उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

प्रयागराजवासियों के लिए उत्सव है महाकुम्भ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा

नगर निगम, प्रयागराज की ओर से महाकुम्भ स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन

नगर, निगम प्रयागराज : महाकुंभ 2025 की भव्यता और स्वच्छता को समृद्ध बनाने के लिए नगर निगम युद्ध स्तर पर काम कर रहा है । शहर को स्वच्छ रखने के प्रयासों को एक कदम आगे बढ़ाते हुए और स्वच्छता का महासंदेश देने के लिए नगर निगम, प्रयागराज की ओर से सात दिवसीय महाकुम्भ स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन 25 दिसम्बर से किया जा रहा है । इसी क्रम में 23 दिसम्बर को शहीद चंद्रशेखर आज़ाद पार्क में मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री माननीय श्री अरविंद कुमार शर्मा जी ने स्वच्छता कार्यक्रम का शुभारंभ किया । सर्वप्रथम उन्होंने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर स्वच्छता प्रीमियर ट्रोफी का अनावरण किया । कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी जी, विधायक दीपक पटेल जी, विधायक हर्ष वर्धन वाजपेयी जी, विधायक सुरेन्द्र चौधरी जी, नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग जी, चेयरमैन कोरांव ओम केसरी जी, मोनिका अग्रवाल जी, किरण जायसवाल, उमेश मिश्रा जी, शिवसेवक सिंह पटेल जी, नगर निगम उपाध्यक्षा सुनीता दरबारी जी, मुकेश कसेरा जी कार्यक्रम में मौजूद रहे ।

शहर की सफाई के लिए लगाए गए अन्य नगरों के सफाईकर्मी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री माननीय श्री अरविंद कुमार शर्मा जी ने कहा कि आस्था के महायोजन महाकुम्भ में 45 करोड़ करोड़ लोग आने वाले हैं । ऐसे में महाकुम्भ स्थल और पूरे शहर को स्वच्छ रखना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है । राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की ओर से सात – सात हजार करोड़ की परियोजनाएं यानि कि करीब 15 हजार करोड़ का काम शहर में चल रहा है । स्वाभाविक है कि इतने बड़े पैमाने पर जिस शहर में काम चलेगा, वहां मलबा-गंदगी भी होगी । नगर निगम ने अब तक प्रशंसनीय कार्य किया है। सभी निर्माण कार्य काम अंतिम चरण में है । अब शहर की सफाई की बारी है । इसी के तहत आने वाले 10 दिनों में प्रतिदिन 10 वार्ड चिह्नित कर सफाई करवाई जाएगी । इसके लिए नगर विकास विभाग के अन्य निकायों, अन्य नगरों से मैनपावर और मशीनरी हम ने प्रयागराज को दी है । आज सभी अधिकारी यहां मौजूद हैं । सभी मशीनरी यहां आ चुकी है, प्रयागराज विश्व के सुन्दर शहरों में शामिल हो यही हमारा प्रयास है । महाकुम्भ प्रयागराजवासियों के लिए उत्सव है । जिले के नागरिक भी साफ सफाई के कार्यक्रम में सहयोग करें और अपने शहर को सजाएं ।

पहले भी कुम्भ देखे, इस बार महाकुम्भ का अनुभव अद्भुत होगा
माननीय मंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज मेरा दूसरा घर है । मैंने विद्यार्थी जीवन में 1980 से 1988 तक यहां शिक्षा ग्रहण की और फिर कुछ समय यहां विश्वविद्यालय में पढ़ाया भी। पिछले डेढ़ साल से हम प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन के दृष्टिगत विशेष रूप से कार्यरत हैं । केंद्र सरकार ने प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन के लिए 21 सौ करोड़ रुपये दिए हैं । हमें इसके अतिरिक्त हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएँ भी नगर में संचालित की हैं। इसके पूर्व भी हमने कई कुंभ देखे हैं लेकिन इस बार जो कार्य हो रहा है वह सबको दिख रहा है। हर तरफ स्वच्छता और सुंदरता इस नगरी को और दिव्य बना रही है। नए घाट बने हैं, कुंभ क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। महाकुम्भ क्षेत्र में आज करीब 1.5 लाख शौचालय बनाए गए हैं । प्रयाग के साथ अन्य तीर्थ क्षेत्रों का भी विकास किया जा रहा है। भार्गव मुनि का आश्रम हो या अन्य स्थान, हमारी सरकार माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में कार्य कर रही है । प्रयागराज नगर निगम बहुत मेहनत कर रहा है । विभाग के प्रयासों को सफल बनाने में सभी प्रयागराजवासी को सहयोग देना चाहिए । सफाई करना हम सबका कर्तव्य है इसलिए मैं आपसे इस 7 दिवसीय स्वच्छता महाकुंभ के कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान करता हूँ ।

स्वच्छता महाकुंभ कार्यक्रम में शहर के लोग बढ़ चढ़ कर लें हिस्सा
कार्यक्रम में महापौर उमेश गणेश केसरवानी ने नगर निगम परिवार द्वारा आयोजित स्वच्छता महाकुंभ कार्यक्रम में माननीय मंत्री जी तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मंत्री जी को शिवालय पार्क बनवाने एवं अन्य नगर विकास कार्यों हेतु समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया । उन्होंने नगर आयुक्त जी एवं पूरी नगर निगम टीम की सराहना की। महापौर जी ने उपस्थित दर्शकों एवं शहरवासियों से अपील की कि इस जन स्वच्छता महाकुंभ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपना योगदान दें ताकि पूरे विश्व से आने वाले तीर्थयात्री, पर्यटक यह कह सकें कि हमने महाकुम्भ में स्वच्छ सुंदर प्रयागराज देखा ।

सफाई कर्मियों एवं संस्थाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में माननीय मंत्री जी ने सफाई कर्मचारियों के कार्य की सराहना की और उन्हें सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इनके बिना शहर को साफ-सुथरा रखना संभव नहीं होता। इसके साथ ही, उन्होंने उन शहरवासियों और विभिन्न संस्थाओं को भी सम्मानित किया जिन्होंने स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शहर को साफ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है । कार्यक्रम में कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी . कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देकर स्वच्छता का सन्देश दिया. इसके बाद वर्तिका तिवारी और डॉ. अपराजिता पटेल ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया ।

Related Articles

Back to top button