लखनऊ-बुढ़वल खण्ड के मध्य पावदान संरक्षा निरीक्षण
रेलखण्ड पर स्थित स्टेशन भवनों, रेलवे ट्रैक, रेलवे यार्ड, सिग्नल, ओएचई, लेवल क्रॉसिंग गेट्स आदि की स्थिति को परखा गया

लखनऊ । संरक्षित रेल परिवहन यात्रियों की सुरक्षा तथा संरक्षा के समुचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य हेतु बुधवार को महानिदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली ब्रज मोहन अग्रवाल ने कार्यकारी निदेशक/संरक्षा/विद्युत अशोक कुमार नकरा के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मुकेश मेहरोत्रा एवं लखनऊ मण्डल के मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (इंफ्रा.) राजीव कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन) विक्रम कुमार तथा शाखाधिकारियों की उपस्थिति में लखनऊ-बुढ़वल खण्ड के मध्य पावदान संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उक्त रेलखण्ड पर स्थित स्टेशन भवनों, रेलवे ट्रैक, रेलवे यार्ड, सिग्नल, ओएचई, लेवल क्रॉसिंग गेट्स आदि की स्थिति को परखा।

बुढ़वल जं. स्टेशन पहुंचने पर महानिदेशक/संरक्षा ब्रज मोहन अग्रवाल ने स्टेशन यार्ड में पॉइन्ट एवं क्रासिंग तथा रेलवे लाइन को कंक्रीट स्लीपर से जोड़ने वाली पेंड्रोल क्लिपों का संरक्षा निरीक्षण किया तथा ’स्लीपर प्लांट’ में निर्मित नवीन कंक्रीट स्लीपर का ’मेजरमेंट’ निरीक्षण किया।
इसके पश्चात महानिदेशक/संरक्षा ने लखनऊ जं. स्थित एकीकृत क्रू लॉबी में ’काउंसलिंग’ पंजिका, ’साइन आन एवं साइन आफ’ पंजिका, आगमन प्रस्थान पंजिका, ’रैण्डम ब्रेथ एनालाइज़र’ पंजिका, आटोमेटिक सिगनल पंजिका एवं ’काशन’ पंजिका का गहन निरीक्षण किया।
अपने निरीक्षण के अगले क्रम में उन्होने लखनऊ जं. पर स्थित ’अवध रनिंग रुम’ में प्रदान की जाने वाली खानपान सुविधाओं एवं स्वच्छता का जायज़ा लिया तथा रनिंग रूम में आयोजित संरक्षा संवाद में ’फ्रंटलाइन संरक्षा स्टाफ’ लोको पायलट, सीनियर सेक्शन इंजीनियर/पीवे, सीनियर सेक्शन इंजीनियर/टीआरडी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर/समाडि तथा ट्रेन मैनेजर के साथ उनकी दैनिक कामकाज में आने वाली दिक्कतों, जैसे ट्रैक एवं सिग्नल अनुरक्षण, पावर ब्लॉक व ट्रेन संचलन से संबंधित मुद्दे तथा संरक्षा नियमावली के उपयोग आदि पर चर्चा की।
उन्होने उपस्थित शाखाधिकारियों एवं सुपरवाइजरांे से संवाद स्थापित करते हुए उनसे कार्य की स्थिति में तथा ट्रेन संचालन में समग्र संरक्षा में सुधार के लिए सुझावों पर सार्थक विमर्श किया।
महानिदेशक/संरक्षा ने संरक्षा संवाद में उपस्थित रेलवे सुपरवाईजर्स को सम्बोधित करते हुए ट्रेन संचलन के दौरान हमेशा सतर्क रहने और निर्धारित संरक्षा नियमों का ईमानदारी से पालन करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि रेलपथ एवं सिग्नलिंग अनुरक्षण कार्य के दौरान ब्लाक लेकर कार्य करें। तनाव में कार्य न करें। अनुरक्षण कार्य के दौरान ’शार्टकट’ पद्यति का पालन न करें तथा सभी संरक्षा मैनुअल के अनुरूप कार्य का अनुपालन करें ।
इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबन्धक, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/तृतीय, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/आपरेशन, वरिष्ठ मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मण्डल यॉत्रिक इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/सा., मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, मण्डल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, सहायक मण्डल संरक्षा अधिकारी, सहायक सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल, सहायक इंजीनियर/लाइन तथा अन्य अधिकारी व परिचालन, सिगनल, इंजीनियरिंग, विद्युतकर्षण, यांत्रिक के संरक्षा सलाहकार व यातायात निरीक्षक तथा कर्मचारी उपस्थित थे।



