उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

कहानी सुनकर बोली छात्राएं, हिम्मत से करेंगे परेशानियों का सामना

स्टोरीमैन जीतेश ने सुनायी दादी नानी की कहानी

लखनऊ। अगर दूसरों का भला करोगे तो ऊपर वाला तुम्हारा भला करेगा। कहानियों के माध्यम से बच्चों को नैतिक शिक्षा देने के अभियान के तहत गुरुवार को मोहिबुल्लापुर के श्रीनगर कालोनी स्थित बाल निकुंज इण्टर कालेज की बालिकाओं को कहानी सुनायी गयी। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा आयोजित दादी नानी की कहानी जीतेश की जुबानी कार्यक्रम में बच्चों ने कथा सुनकर उन पर आधारित प्रश्नों के उत्तर भी दिये।

कार्यक्रम की शुरुआत कठिन वाक्यों के उच्चारण अभ्यास से हुई। स्टोरीमैन जीतेश श्रीवास्तव ने एक गांव की छोटी बच्ची खुशी के माध्यम से बच्चों में दूसरों की भलाई करने, बड़ों की बात मानने, हमेशा खुश रहने, आलस्य का त्याग करने तथा सभी तरह की परेशानियों का सामना हिम्मत से करने की सीख दी। कहानी से मिली सीख को बच्चियों ने अपने शब्दों में बताया।

इस अवसर पर बाल निकुंज विद्यालय समूह के प्रबंधक एचएन जायसवाल ने कहा कि हम सब एक दूसरे पर निर्भर हैं, इसलिये हमें एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। हमें ऐसा कार्य करना चाहिए जिसमें सब की भलाई हो। प्रधानाचार्य भगवती भण्डारी ने कथा प्रस्तोता समूह का स्वागत किया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव सुधा द्विवेदी, एसबीआई के सेवानिवृत मुख्य प्रबंधक राजनारायण, समाजसेवी शम्भूशरण वर्मा, डा. एस.के.गोपाल के साथ ही अध्यापिकायें और गर्ल्स विंग की छात्रायें उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button