उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में राष्ट्रीय वोटर दिवस का आयोजन
कर्मचारियों को दिलाई गई मतदाता शपथ

लखनऊ : भारत के लोकतंत्र की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए तथा इसके प्रति पूर्ण आस्था के साथ देश की लोकतान्त्रिक परंपराओं, मर्यादाओं को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के उद्देश्य से 25 जनवरी 2024 को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय वोटर दिवस 2024 के अनुपालन में उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के सभी स्टेशनों पर इस दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया गया.

इस क्रम में मण्डल के अयोध्या धाम जं. स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक, एस.एम. शर्मा द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई एवं देश की गरिमा में वृद्धि करते हुए बिना किसी प्रलोभन में आए निर्भीक रहते हुए अनिवार्य रूप से अपने अपने मताधिकार का प्रयोग करके राष्ट्र की प्रगति और सुदृढ़ता बढ़ाने का संकल्प लिया गया.
इस अवसर पर लखनऊ स्थित मंडलीय कार्यालय में अपर मण्डल रेल प्रबंधक, शिवेन्द्र शुक्ला तथा वाराणसी जं. स्टेशन पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक, वाराणसी, लाल जी चौधरी ने उपस्थित रेल कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई I इस आयोजन में मंडलीय अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी सम्मिलित हुए I



