इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स टीम “आईडीएल-2023” इण्टर डिपार्टमेण्टल लीग(टी-20 क्रिकेट) का बना चैंपियन

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल क्रीड़ा संघ द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित ’’इण्टर डिपार्टमेण्टल लीग (टी-20 क्रिकेट) टूर्नामेन्ट’’ का फाइनल मैच आज इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स व सिगनल टावर्स के मध्य खेला गया।

सिगनल टावर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 07 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाये। जिसमें सचिन चौधरी ने सर्वाधिक 58 रन तथा शशि ने नाबाद 55 रनों का योगदान दिया। सिगनल टावर्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आकाश एवं मिथुन ने 02-02 विकेट तथा अंकुर व मुकेश ने 01-01 विकेट प्राप्त किये।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिगनल टावर्स टीम मात्र 15.2 ओवरों में 95 रन बना कर ऑल आउट हो गई। सिगनल टावर्स की तरफ से पंकज ने 24 रन तथा अमरनाथ व अंकुर ने 14-14 रनों का योगदान किया।
इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सौरभ ने 4 विकेट, रामदेव ने 03 विकेट तथा प्रशांत, मनीष झा व रोहित ने 01-01 विकेट प्राप्त किये। फाइनल मैच में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने सिगनल टावर्स को 64 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया।

इस अवसर पर फाइनल मैच के मुख्य अतिथि एवं मण्डल रेल प्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ आदित्य कुमार द्वारा टूर्नामेन्ट की विजेता टीम इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स को विजेता ट्राफी तथा उपविजेता टीम सिगनल टावर्स को रनर्स अप ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया तथा इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स के सौरभ को फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच का चुना गया तथा सौरभ को बेस्ट बालर ऑफ द टूर्नामेंट एवं शशि को बेस्ट मैन ऑफ द टूर्नामेंट, सिगनल टावर्स के आकाश को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, सिक्योरिटी हण्टर्स के रामआशीष को बेस्ट बैटस् मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मण्डल रेल प्रबन्धक महोदय ने अपने सम्बोधन में कहा कि दोनों टीमों के मध्य खेले गए फाइनल मैच में दोनो टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विजेता और उपविजेता टीमों को बहुत-बहुत बधाईयॉ। मण्डल क्रीड़ा संघ द्वारा बहुत ही सुनियोजित ढंग से एक सफल टूर्नामेंट आयोजित किया गया।
क्रीड़ा संघ मंडल में निरंतर रेलवे कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लगातार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराता रहता है। स्वस्थ मन और स्वस्थ तन रखने के लिए खेल एक सर्वोत्तम माध्यम है। प्रत्येक रेल कर्मियों को अपने दैनिक जीवन में इसे अमल में लाना चाहिए।
उन्होने इस टूर्नामेंट के आयोजन पर प्रसन्न्ता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी स्पर्धा में भाग लेने का जज्बा, जीत व हार से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है तथा नियमित अन्तराल पर ऐसे क्रीडा आयोजनों में भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर मण्डल क्रीडा़ अधिकारी एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी प्रबन्धक राहुल यादव, वरिष्ठ मण्डल दूरसंचार इंजीनियर सत्यदेव पाठक, उपमुख्य इंजीनियर/गतिशक्ति सुमित वत्स, मंडल वित्त प्रबंधक एन अनूप तथा मण्डल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।



