निगम की आप सरकार ने कल भी अमर कॉलोनी मार्केट में सील की 11 दुकानें, जनता के सामने आया आप पार्टी का दोहरा चेहरा : सरदार इकबाल सिंह

नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि एक तरफ तो आप पार्टी ने कोर्ट के आदेश आने के बावजूद एक भी दुकान डी- सील नहीं की वहीं दूसरी ओर अमर कॉलोनी मार्केट में 11 दुकानें दिल्ली नगर निगम द्वारा सील कर दी गई हैं। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अगर सच में आप पार्टी की मंशा दुकानों को डी-सील करने की होती तो वह आज सदन की कार्रवाई में निगमायुक्त से कहलवाते कि भविष्य में दिल्ली में कोई भी दुकान सील नहीं होगी तथा कहीं भी तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं होगी।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने निगम की आप सरकार पर अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप सरकार की दुकानों को डी-सील करने की कोई भी मंशा नहीं था अन्यथा ज्यूडिशियल कमिटी के रिपोर्ट के अनुसार दुकानें तुरंत डी सील हो जानी चाहिए थी।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि एक तरफ तो मेयर साहिबा डी-सीलिंग के मुद्दे पर सदन बुला रही हैं वहीं दूसरी तरफ निगम द्वारा लाजपत नगर की अमर कॉलोनी मार्केट में 11 दुकानें सील कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा के पार्षदों ने सीलिंग का विरोध किया तो उनपर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी गई।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मैं दिल्ली की मेयर से पूछना चाहता हूं कि वे दुकानों को डी-सील करने के लिए क्या वे पार्टी आलाकमान का इंतजार कर रही हैं ?
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि एक तरफ तो कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली के व्यापारी कोरोना और सीलिंग की मार से निकल कर अपने जीवन यापन की गाड़ी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहें हैं वहीं दूसरी ओर आप पार्टी द्वारा इस दिशा में कोई भी प्रयास न करना यह दर्शाता है कि आम आदमी पार्टी को व्यापारी वर्ग की कितनी चिंता है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि कोर्ट का आदेश आए 100 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद भी निगम की आप सरकार ने एक भी दुकान डी-सील नहीं की है। श्री राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मैं दिल्ली की मेयर साहिबा से पूछना चाहता हूं कि दुकानों को डी-सील करने के बजाय सदन की विशेष बैठक बुलाने के पीछे उनकी क्या मंशा है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आप पार्टी की सरकार बस झूठे प्रचार एवं छल कपट पर टिकी है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी को निगम की सत्ता पर काबिज हुए 1 साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी आप पार्टी ने जन कल्याण का एक भी काम नहीं किया है।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निगम प्रशासन को चेतावनी देती है कि अगर 24 घंटे के अंदर दुकानों के डी-सीलिंग की प्रक्रिया आरंभ नही हुई तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अगर आप पार्टी ने जल्द से जल्द डी- सीलिंग की कार्रवाई आरंभ नही की तो भारतीय जनता पार्टी मेयर के घर से लेकर मेयर कार्यालय तक का भी घेराव करेगी।



