श्री प्राणनाथ कला संगम फाउंडेशन के द्वारा आधारित कार्यक्रम “फुलवारी” का सफल आयोजन

नई दिल्ली : विगत रविवार श्री प्राणनाथ कला संगम फाउंडेशन के द्वारा आयोजित लोकगीतों पर आधारित कार्यक्रम “फुलवारी” माता लीलावती सरस्वती विद्या मंदिर, हरी नगर के सभागार में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया, जिसे श्री प्राणनाथ संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। इसी के साथ रोहित निषाद विद्यार्थी की मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुति ने श्रोताओं को आनंदित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रस्तुतियों में सोहर, कजरी, ब्रज की होरी, रसिया, बंगाली लोक गीत, राजस्थानी लोक गीत, हिमाचली लोक गीत, भोजपुरी एवं मैथिली लोक गीत इत्यादि 32 कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत किए गए। जिनमें डॉ. अवनीश त्यागी, अविनाश झा, शालू शर्मा एवं सुधा संजीवनी ने एकल प्रस्तुति दी। शेष प्रस्तुतियां श्री प्राणनाथ संगीत महाविद्यालय, भविष्य स्कूल आफ म्यूजिक एंड डांस, सरस्वती बल मंदिर राजौरी गार्डन, माता हीरा देवी चौधरी सरस्वती बल मंदिर जनकपुरी के बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान विजय कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की भूरि–भूरि प्रशंसा करते हुए संस्था द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों को समाज में अधिक से अधिक करने का आग्रह किया। श्री प्राणनाथ कला संगम फाउंडेशन के सचिव डॉ. अवनीश त्यागी ने संस्था का सूक्ष्म परिचय देते हुए कहा कि, संस्था पिछले कई वर्षों से कलाओं पर आधारित विभिन्न विषयों पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन द्वारा समाज में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को समायोजित करके समाज को लाभान्वित करने का प्रयास कर रही है इसके लिए संस्था के सभी सदस्य पूर्ण निष्ठा व ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना ही नहीं अपितु हमें हमारे समाज के अनेक पहलुओं की जानकारी देना भी है। संस्था इस प्रकार के आयोजनों के द्वारा भारतीय संस्कृति के मूल को कलाओं के माध्यम से पोषित करने हेतु प्रतिबद्ध है, व समाज के प्रत्येक वर्ग को इस यज्ञ में आहुति देने हेतु आह्वान करती है। अंत में डॉ अवनीश त्यागी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के उच्चारण के साथ किया।



