विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर म्यूजिक कंपोजर सलीम-सुलेमान ने टाटा मेमोरियल सेंटर और दिल्ली पुलिस के साथ म्यूजिकल एंथम – “आज जिंदगी जीते हैं” लॉन्च किया
मल्टी स्टेकहोल्डर अभियान दिल्ली, वाराणसी और मुंबई में शुरू किया गया

लखनऊ : ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे-4 के मुताबिक भारत में 38 प्रतिशत सिगरेट पीने वालों, 47 प्रतिशत बीड़ी पीने वालों और 52 प्रतिशत धुआं रहित तम्बाकू का सेवन करने वालों ने अपने 10वें जन्मदिवस से पहले ही इनका उपयोग करना शुरू कर दिया था। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर, एपेक्स कैंसर अस्पताल, टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) ने बॉलीवुड म्यूजिक कंपोजर सलीम-सुलेमान के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्तर पर एक नया गाना ‘आज जिंदगी जीते हैं’ को लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य संगीत की वैश्विक भाषा का उपयोग कर युवाओं के साथ जोड़ना और तम्बाकू मुक्त स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। माननीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, भारत सरकार, श्री मनसुख मंडाविया ने राष्ट्रीय स्तर पर अभियान के ऑडियो-म्यूजिक को लॉन्च किया। इस गाने को प्रसिद्ध गीतकार इरफान सिद्दकी ने लिखा है और अभिनेता अर्जुन तंवर को वीडियो में तम्बाकू मुक्त जीवन को बढ़ावा देने वाले कथाकार के रूप में दिखाया गया है। यह अभियान पूरी तरह से भारत के युवाओं पर केंद्रित है क्योंकि 8.5 प्रतिशत तम्बाकू उपयोगकर्ता 13 से 15 वर्ष की आयु के बीच के हैं।
डॉ. पंकज चतुर्वेदी, हेड एंड नेक कैंसर सर्जन, टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल ने कहा, “तंबाकू का उपयोग विश्व का सर्वाधिक रोकथाम योग्य जानलेवा लत है। भारत में तो इसकी लत हर साल लगभग 1 मिलियन लोगों को मौत का उपहार दे रही है। हम मानते हैं कि साक्ष्य-आधारित असरदार व्यापक स्तर पर चलाया जाने वाला मीडिया अभियान तम्बाकू का उपयोग छोड़ने के लिए जनता को प्रेरित करना जारी रखेगा, “आज जिंदगी जीते हैं” जैसी नई पहल संगीत और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों, विशेष रूप से हमारे युवाओं को जोड़ने की काबिलियत रखती है। यह बहु-हितधारक पहल लोगों के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए #IndiaVsTobacco प्रमुख अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी एजेंसियों और संगठनों के प्रयासों को एक साथ लाने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। हम तंबाकू नियंत्रण प्रयासों का समर्थन करने के लिए संचार के विभिन्न माध्यमों का उपयोग करने के लिए सलीम-सुलेमान और उनकी टीम के प्रयासों के लिए उनका आभार प्रकट करते हैं।‘’
इस अभियान को वैश्विक स्वास्थ्य संगठन, वाइटल स्ट्रैटेजीज़ के तकनीकी सहयोग से प्रमुख डिजिटल मार्केटिंग और एंटरटेनमेंट कंपनी वेबरेंजर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के तहत विकसित किया गया है। अभियान को और बेहतर बनाने के लिए कंपनी इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग में अपनी विशेषज्ञता का उपयोग डिजिटल व्यक्तित्वों की एक प्रभावशाली टीम को एकजुट करने के लिए करती है।
सुमन नालवा, पीआरओ, दिल्ली पुलिस, ने कहा, “इस महत्वपूर्ण अभियान के ऑडियो लॉन्च पर हम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, टाटा मेमोरियल सेंटर और भागीदारों को बधाई देते हैं। हमें यकीन है कि यह पहल भारतीय युवाओं को प्रेरित करने और लामबंद करने में एक मील का पत्थर साबित होगा। हम इस पहल का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। कानूनों को कार्यान्वित करने वालों के रूप में, हम तम्बाकू नियंत्रण कार्यान्वयन प्रयासों को मजबूत करके, भारत में तम्बाकू के सेवन में कमी लाने के लिए इस पहल का समर्थन करते हैं। यह अभियान युवाओं और आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 के तहत प्रवर्तन कार्यों में हमारी मदद करेगा। हमारा संचार विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि यह अभियान हमारे नेटवर्क के भीतर कई प्लेटफार्मों और मीडिया के माध्यम से चलाया जाए।‘’
बॉलीवुड संगीतकार, सलीम मर्चेंट ने कहा, “हम भारत बनाम तंबाकू अभियान का पूरी तरह से समर्थन करते हैं, क्योंकि यह भारत में तंबाकू सेवन के घातक प्रभावों के बारे में जनता के बीच जागरूकता फैलाने वाला कदम है। हमारा हमेशा से मानना रहा है कि संगीत दुनिया को बदलने की ताकत रखता है। हमें एक ऐसे अभियान का हिस्सा बनने पर खुशी हो रही है जो युवाओं को तम्बाकू सेवन से मुक्त एक स्वस्थ जीवन शैली चुनने की दिशा में सार्थक तरीके से जोड़ेगा। वाइटल स्ट्रैटेजीज़ और वेबरेंजर्स एंटरटेनमेंट के अभिनव दृष्टिकोण के समर्थन के साथ, हमें पूरा यकीन है कि हमारा छोटा सा प्रयास तम्बाकू से स्वास्थ्य के लिए खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने में मदद करने के लिए युवा चेंजमेकर्स के एक कैडर को प्रेरित और तैयार करेगा। तंबाकू से होने वाली हर मौत को रोका जा सकता है और हमारे मनोरंजन जगत में इस बदलाव का हिस्सा बनने की क्षमता है।”
वैशाखी मलिक, डायरेक्टर, एडवोकेसी एंड कम्युनिकेशन प्रोग्राम्स, वाइटल स्ट्रेटेजीज इंडिया ने कहा, “भारत तंबाकू का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लगभग 267 मिलियन भारतीय तंबाकू उत्पादों का उपयोग करते हैं। “आज जिंदगी जीते हैं” अभियान युवाओं को तम्बाकू सेवन शुरू करने से रोकने और तम्बाकू से संबंधित बीमारियों से बचाने में मददगार साबित होगा। युवाओं की सुरक्षा के लिए सबसे प्रभावी रणनीतियों में से एक तंबाकू के विज्ञापन, प्रचार और स्पोंसरशिप्स पर प्रतिबंध लगाना है, विशेष रूप से सोशल मीडिया पर, जिसका उपयोग बच्चे और युवा रोजाना करते हैं। हमारे डिजिटल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम, टीईआरएम ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और यूट्यूब पर तम्बाकू मार्केटिंग की निरंतर मॉनिटरिंग के माध्यम से ऑनलाइन फिल्म पोस्टरों पर तम्बाकू धूम्रपान इमेजरी को डॉक्यूमेंट किया है, जिन्हें “फिल्म रूल्स” के तहत अनुमति नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री और सार्वजनिक स्वास्थ्य समुदाय मिलकर हमारे युवाओं की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठा सकते हैं। हम टाटा मेमोरियल सेंटर को इस महत्वपूर्ण दिन पर अभियान शुरू करने के लिए और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार को ऑडियो संगीत जारी करने के लिए बधाई देते हैं।”
2:05 मिनट का गीत “आज जिंदगी जीते हैं” गाना, जियोसावन, रेसो, स्पॉटिफाई, हंगामा, यूट्यूब म्यूजिक, एप्पल म्यूजिक, अमेजन प्राइम म्यूजिक और विंक म्यूजिक जैसे सभी ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इससे जुड़ा वीडियो सलीम-सुलेमान के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया जाएगा, जिसकी 1.84 मिलियन सब्सक्राइबर तक पहुंच है। इसके अलावा, दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, लखनऊ और जयपुर के श्रोताओं के लिए इस गीत का 15-सेकंड का प्रोमोशनल ऑडियो स्निपेट 31 मई से 1 जून तक रेडियो सिटी पर प्रसारित किया जाएगा। अभियान गीत के प्रभाव को और जोरदार बनाने के लिए, पूरे महीने सोशल मीडिया पर एक्टिव प्रमोशन के साथ-साथ फ्लैश मॉब्स और युवाओं के साथ इंगेजमेंट का आयोजन किया जाएगा।



