केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियाँ गिनवाईं
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का आभार जताया

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 सालों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश प्रवक्ता श्री हरीश खुराना उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोदी सरकार को सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की सरकार बताते हुए कहा कि विगत 9 सालों में हमारी सरकार द्वारा न केवल वंचित, शोषित लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा गया बल्कि उनका सशक्तिकरण भी किया गया है। आज भारत दुनिया में सबसे तेज़ गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है, नंबर वन स्मार्टफोन डेटा कंज्यूमर है, नंबर वन ग्लोबल फिनटेक एडप्शन दर के साथ दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर और साथ ही भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में भारत की छवि औपनिवेशक से आत्म निर्भर छवि बन गई है।
श्री सिधिया ने कहा कि भारत का नया संसद भवन सिर्फ आधुनिकता को नहीं अपनाया गया है, बल्कि प्रचीन संस्कृति और सभ्यता का समावेश है। एक समय था जब हमने इसी भारत को वैक्सीन के लिए गुहार लगाते हुए देखा था और आज वही भारत कोविड काल के दौरान 220 करोड़ टीका लगाकर सिर्फ देशवासियों को ही नहीं बल्कि 100 से अधिक दूसरे देशों को भारत निर्मित वैक्सीन देकर उनकी जान बचाने का भी काम किया। उन्होंन कहा कि गरीब कल्याण के आधार पर काम करने वाली केद्र सरकार ने 3.5 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्का मकान, 11.72 करोड़ इज्जतघर, लगभग 12 करोड़ परिवारों को नल से जल दिया और 9 करोड़ 60 लाख परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिये।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोविड काल के दौरान शुरु हुए पीएम गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 80 करोड़ गरीब जनता को मुफ्त राशन अभी भी दिया जा रहा है, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, 9300 से अधिक जन औषधि केंद्र जहां सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, किसानों के विकास के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत 11 करोड़ किसानों के खाते में 6 हजार रुपये के हिसाब से 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य केन्द्र सरकार द्वारा किया गया।
श्री सिंधिया ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के आधार पर समाजिक विकास के लिए 10 फीसदी आर्थिक आधार पर आरक्षण देने का काम किया गया। 400 वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत हम करेंगे जिसमें से 20 की शुरुआत पहले ही हो चुकी है। आजादी के 68 वर्षों में 74 एयरपोर्ट बनाए गए थे जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 9 सालों में ही 74 नए एयरपोर्ट बना दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले 12 किलोमीटर प्रतिदिन जो हाईवे बनते थे वह आज तीन गुना बढ़ चुके हैं। 9 सालों में 15 शहरों में मेट्रो का विस्तार, 700 नए मेडिकल कॉलेज, 15 नए एम्स, 7 नए आई.आई.टी, 7 नए आई.आई.एम. और 390 नए विश्वविद्यालय बनाने का कार्य किया गया।
श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 9 वर्षो के कार्यकाल में विरासत भी और विकास भी के आधार पर देश को आगे बढ़ाने का काम किया और इसी का उदाहरण है अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर। मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्षो के कार्यकाल में देश को वह सब कुछ दिया जिसकी कल्पना शायद हमने कभी की ही नहीं थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने देश में किए गए अद्भुत विकास कार्यों और अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर हर भारतीय को गौरवान्वित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का दिल्लावासियों की ओर से आभार व्यक्त किया और कहा कि आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री द्वारा मोदी इज द बॉस कहना हो या अमरीका के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिकताएं भूल कर अंतर्राष्ट्रीय मीटिंग में गले मिलना हो, यह सब विश्व का नये भारत को प्रणाम है।
उन्होंने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत का प्रमाण है कि अब भारत, भारतीय मुद्रा में तेल खरीद पा रहा है। चीन जैसा देश भी भारत से अपने व्यापार को बैलेंस रखने का प्रयास कर रहा है। अनेक पश्चिमी देशों के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय बाजार दुबई में भी भारत अब निवेशकों एवं व्यापारियों का मुख्य आकर्षण केंद्र बन गया है।
श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क यातायात, मैट्रो विस्तार इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के साथ ही यमुना सफाई, सौन्दर्यीकरण प्रोजेक्टों, प्रदूषण कम करने आदि के अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने दिल्ली वालों के लियें बहुत विकास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा राज पथ को कर्तव्य पथ बना कर दी कर्तव्य प्रेरणा के साथ ही 7 दशक के लम्बे इंतजार के बाद इंडिया गेट पर नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा की स्थापना कर ऐसा वातावरण बनाया है कि हर भारतीय कह रहा हैं, मेरा प्रधानमंत्री मेरी पहचान।
श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा कल ही दिल्ली में नये संसद भवन का लोकार्पण किया गया है जो आज सभी भारतीय के लिये सम्मान का विषय है। धर्मदंड सेंगोल से सुसज्जित संसद को देख आज पूरा भारत कह रहा है, मेरी संसद मेरा अभिमान।



