उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

सड़क सुरक्षा कोई रस्मी आयोजन नहीं, बल्कि यह जीवन में उतारा जाना चाहिए : डॉ. लीना मिश्र

बालिका विद्यालय में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

लखनऊ : प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। वैसे तो यह दिन, सप्ताह, माह या वर्ष में नहीं बांधा जा सकता, बल्कि नियमों को जीवन में उतारना एक प्रवृत्ति की तरह विकसित किया जाना चाहिए। वह चाहे सड़क सुरक्षा सम्बन्धी नियम हों या जीवन-स्वास्थ्य सुरक्षा अथवा सामाजिक सुरक्षा नियम। जो लोग अपनी शान के लिए सड़क सुरक्षा या किसी भी नियम के दायरे में नहीं बंधना चाहते, वे स्वयं ही नहीं बल्कि पीढ़ियों को भी अनुचित दिशा में ले जा रहे होते हैं और ऐसे लोग सुबह से शाम तक कहीं भी दिख जाते हैं। इसीलिए इनके विशेष ध्यानाकर्षण हेतु दिन, सप्ताह और माह मनाने का निर्णय लिया जाता है, जिसके क्रम में 5 जनवरी से 4 फरवरी 2023 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस उद्देश्य को साकार करने हेतु बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोतीनगर, लखनऊ में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत छात्राओं को यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र तथा सड़क सुरक्षा समिति में नामित नोडल श्रीमती पूनम यादव एवं श्रीमती मंजुला यादव द्वारा छात्राओं को यातायात संबंधी नियमों तथा प्रतीकों की विस्तृत जानकारी लगातार दी जा रही है, जिससे छात्राओं के द्वारा अपने पारिवारिक सदस्य तथा आसपास के लोगों में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके। प्रयास किया गया है कि बच्चे समझें और बड़ों को समझाएं कि सड़क पर चलते समय किन बातों का ध्यान रखा जाए जिससे लोग अपने आप को सुरक्षित रख सकें तथा दूसरों को भी। यातायात संबंधी नियमों की जानकारी के अभाव में या कभी-कभी उनकी अनदेखी किए जाने के कारण यात्रा करना असुरक्षित हो जाता है, जिससे अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ता है। इसे जागरूकता से ही रोका जा सकता है और इसे प्रसारित करने का सर्वोत्तम माध्यम छात्र-छात्राएं हैं जो कि अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को गलत दिशा में जाने से रोक सकते हैं। इसी क्रम में इनके द्वारा छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रतिज्ञा दिलवाई गई और विद्यालय स्तर पर स्लोगन, पोस्टर, निबंध तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने पूरे मनोयोग से प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम के आयोजन में श्रीमती मीनाक्षी गौतम का भी सहयोग रहा। विजयी छात्राओं को समारोह आयोजित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button