व्यापारियों के सहयोग से राजधानी बनेगी स्मार्ट सिटी

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ लखनऊ महानगर के तत्वावधान में लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष इंद्र मणि त्रिपाठी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्पूर्ण बैठक संपन्न हुई ।
इस बैठक में माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जनसंपर्क प्रभारी डॉ राघवेंद्र शुक्ला भी उपस्थित रहे । भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ लखनऊ महानगर अध्यक्ष अभिषेक खरे के नेतृत्व में विभिन्न विषय तथा मुद्दे रखे गए जिनमें प्रमुख रूप से ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना के अंतर्गत भूखंडों का फ्रीहोल्ड होना, चौक नींबू बाग कॉम्प्लेक्स परियोजना के अंदर लगभग 2000 आवंटियों को स्वामित्व प्रदान करना , रामाधीन सिंह मार्केट के ध्वस्तीकरण के विषय समेत अन्य अनेक विषयों पर चर्चा की गई ।

लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना में वहां के व्यापारियों के साथ बैठकर योजना के अंतर्गत भूखंडों के फ्री होल्ड होने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा । बोर्ड में प्रस्ताव व्यापारियों से चर्चा करने तथा सहमति के उपरांत ही भेजा जाएगा । चौक नींबू बाग कॉम्प्लेक्स योजना के अंतर्गत अति शीघ्र समिति बनाकर वहां के आवंटियों को रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपादित की जाएगी । रामादीन सिंह मार्केट के व्यापारियों ने आग्रह किया कि 55 दुकानदार प्राधिकरण को समस्त प्रकार के शुल्क,पेनल्टी तथा नियमितीकरण के लिए प्रावधानों को पूर्ण करने हेतु प्रतिबद्ध हैं, अतः सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए मार्केट के ध्वस्तीकरण के आदेश को निरस्त किया जाए जिस पर प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने कहा कि रामाधीन सिंह मार्केट नजूल पर बनी हुई है तथा शैक्षिक उपयोग दिखाकर व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा है फिर भी व्यापारियों के हित को देखते हुए तथा उनकी आजीविका का एकमात्र साधन होने के कारण मंडलायुक्त से चर्चा कर मार्ग निकालने का प्रयास किया जाएगा ।
व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष अभिषेक खरे ने कहा कि लखनऊ विकास प्राधिकरण के साथ यह बैठक सार्थक तथा सकारात्मक रही लखनऊ राजधानी को स्मार्ट सिटी बनाने में व्यापारी हर प्रकार से सरकार का सहयोग करेंगे तथा आज की बैठक में बहुत से विषय तत्काल प्रभाव से हल हुए हैं तथा नीतिगत विषयों पर अति शीघ्र परिणाम निकलवाए जाएंगे ।
बैठक में प्रमुख रूप से ट्रांसपोर्ट नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीपीएस अनेजा, अनुराग साहू, सुरेश लांबा मोहन मार्केट अध्यक्ष मनविंदर सिंह बॉबी भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ सह संयोजक मनीष गुप्ता, अरविंद सिंह ,अभय सिंह ,मनोज सिंह पुजारी आदि उपस्थित रहे ।



