उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

कृषि मंत्री ने की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

डेंगू की रोकथाम के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने एवं नियमित फॉगिंग करने का दिया निर्देश

लखनऊ : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 9300महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में डेंगू नियंत्रण एवं जनपद देवरिया में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।

कृषि मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज एवं उसके नियंत्रणाधीन जिला अस्पताल में आने वाले डेंगू के प्रत्येक संदिग्ध मरीज की ससमय जांच कराई जाए और रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने पर उसको इलाज मुहैया कराया जाए। कृषि मंत्री ने डेंगू मरीजों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

कृषि मंत्री ने डेंगू के नियंत्रण के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने एवं एंटी लार्वा दवा के छिड़काव का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं। ऐसे में आम लोगों को जागरूक किया जाए कि वे अपने आस-पास, कूलर, बर्तन, टायर आदि में पानी एकत्र न होने दें। उन्होंने समस्त नगर निकायों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को विशेष सफाई एवं जन जागरूकता अभियान चलाने हेतु भी निर्देशित किया।

कृषि मंत्री ने धान खरीद की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान का धान अवश्य खरीदा जाए। एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह ने कृषि मंत्री को अवगत कराया कि अभी तक 132 किसानों से 373 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है, जिस पर कृषि मंत्री ने किसानों से डोर-टू-डोर संपर्क कर क्रय केंद्र पर आने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।

कृषि मंत्री ने अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई किसानों की फसल क्षति की क्षतिपूर्ति के विषय में भी जानकारी प्राप्त की। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने अवगत कराया कि फसल क्षति आंकलन के उपरांत कुल 7,456 किसानों के खाते में 2,42,18108 रुपये भेजे जा चुके हैं।

कृषि मंत्री ने उर्वरक एवं बीजों के उपलब्धता की समीक्षा भी की। जिला कृषि अधिकारी ने माननीय मंत्री जी को अवगत कराया कि डीएपी के माह नवंबर के लक्ष्य 9300 मीट्रिक टन के सापेक्ष 10,270 टन डीएपी उपलब्ध है। जनपद में यूरिया एवं बीज की भी पर्याप्त उपलब्धता है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

बैठक में बरहज विधायक दीपक मिश्रा शाका, सीडीओ रवींद्र कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्रचार्य राजेश कुमार बरनवाल, सीएमओ डॉ राजेश झा, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सौरभ सिंह, सीएमएस डॉ एएन वर्मा, उप निदेशक कृषि विकेश कुमार पटेल, ईओ रोहित सिंह, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुज्जमिल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button