राष्ट्रीय पुस्तक मेले में सम्मान, काव्य समारोहों, संगोष्ठी का क्रम जारी
बलरामपुर गार्डन में 19वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला : आठवां दिन

लखनऊ । बलरामपुर गार्डन अशोक मार्ग में चल रहे उन्नीसवें राष्ट्रीय पुस्तक मेले में प्रचुर मात्रा में अनूदित हिन्दी साहित्य विविध विषयों पर उपलब्ध है। समापन की ओर बढ़ चले मेले में अब पुस्तक प्रेमियों की बड़ी तादाद दिख रही है। प्रतिदिन प्रातः 11 से रात नौ बजे तक चलने वाले और गांधी जयंती पर समाप्त होने वाले मेले का आज आठवां दिन था। ं
मेले में पहुंची अवन्या कहती हैं सहेलियों से अंग्रेजी बेस्टसेलर किताबों के बारे में स्कूल टाइम से सुनती आ रहीं हूं। अब सभी किताबें मुझे मदर लैंग्वेज हिंदी में कम से कम मेले में जरूर मिल जाती हैं। आज मनाए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद दिवस की दृष्टि से देखें तो हिंदी भाषा में प्रकाशन ने नई रफ्तार पकड़ी है।
मेले में सेतु प्रकाशन के स्टाल पर अनौपचारिक रूप से वरिष्ठ साहित्यकारों की चर्चा चली। यहां उपस्थित रचनाकारों में शिवमूर्ति, विजय राय, अखिलेश, शैलेंद्र सागर, राकेश, कौशलकिशोर, भगवानस्वरूप कटियार, वीरेन्द्र यादव और प्रकाशक अमिताभ राय इत्यादि शामिल थे।
वसुन्धरा फाउण्डेशन के आज पद्मश्री डा.विद्या बिन्दु सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही राकेश श्रीवास्तव के संयोजन, राम किशोर की अध्यक्षता व बिंदु जैन के संचालन मे वर्तमान वैश्विक परिपेक्ष्य में बापू की अपरिहार्यता विषय पर विचार विमर्श में इण्डियन बैंक के अधिकारी पंकज त्रिपाठी, आनन्दवर्धन सिंह, अशोक कुमार श्रीवास्तव, अवधेश कुमार शुक्ला, आलोक सिन्हा, रमाकान्त श्रीवास्तव, राज बहादुर चौधरी, ब्रजेश कुमार शुक्ला, निगम कुमार और उमेश कुमार सिंह आदि ने विचार व्यक्त किये। इससे अलावा साहित्यिक मंच पर अगीत परिषद, कादम्बिनी क्लब कानपुर, राजकमल प्रकाशन और भुशुण्डि साहित्य संस्थान का सम्मान समारोह आयोजित हुआ।



