उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
राखी परस्पर सौहार्द और सुरक्षा के दायित्वों का त्योहार : डॉ लीना मिश्र
अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए हम दृढ़ संकल्प : डॉ लीना मिश्र

लखनऊ. हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन द्वारा भारतवर्ष के स्वाधीनता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था हेतु धनसंग्रह के मद्देनजर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल द्वारा बनाई गई योजना के अंतर्गत 09 अगस्त 1925 को की गई अंग्रेजी खजाने की लूट को याद करते हुए “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के सपनों का भारत” पर चर्चा करते हुए बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज मोती नगर के प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने यहां की छात्राओं को विविध रचनात्मक अभिव्यक्तियों हेतु प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन जो पांच दिन बाद 97 वर्ष पूर्व लखनऊ में घटित हुआ था और भाई बहनों के अटूट प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन जो एक सप्ताह बाद मनाया जायेगा ,के भारतीय संस्कृति और उसके सामाजिक सरोकार पर चर्चा करते हुए विद्यालय की छात्राओं को इन दोनों विषयों पर प्रतियोगिता के लिए इनपुट दिया गया और छात्राओं ने बखूबी इन दोनों विषयों पर सोल्लास हिस्सा लिया।

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में होप इनिशिएटिव द्वारा विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में विजयी छात्राओं को विभिन्न प्रकार के पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

विषय प्रवर्तन के उपरांत प्रतियोगिता की शुरुआत करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने होप इनिशिएटिव की कार्यक्रम संयोजक आयुषी शुक्ला का विद्यालय में स्वागत किया। उसके पश्चात विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती पूनम यादव एवं मंजुला यादव के निर्देशन में कक्षा 6 से कक्षा 12 की लगभग 60 छात्राओं ने पूरे हर्षोल्लास से इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

सीनियर ग्रुप में कक्षा 9 की पलक निषाद प्रथम , मुस्कान द्वितीय, कक्षा 10 की गीतांजलि विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रही तथा कक्षा 9 की ईशा शर्मा को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। जूनियर वर्ग में कक्षा सात की वंदना प्रथम स्थान तथा ईशा शर्मा द्वितीय स्थान पर रही सीनियर और जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को होप इनिशिएटिव की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया और बाकी समस्त प्रतिभागियों को संस्था द्वारा प्रतिभाग करने के लिए सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।




