उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 222 का सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन

लखनऊ । 2 एमटी बटालियन एएमसी सेंटर कैंट लखनऊ में आयोजित एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 का समापन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कर्नल (डॉ) दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसमें मनमोहक नृत्य, मधुर गायन एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों की सराहना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैडेट्स का उत्साह एवं उमंग देखते ही बनता था।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रात्रि में आयोजित कैम्प फायर रहा, जिसमें सभी कैडेट्स ने सामूहिक रूप से भाग लिया। गीत-संगीत एवं मनोरंजक गतिविधियों के बीच कैडेट्स ने इस यादगार शाम का भरपूर आनंद लिया।

शिविर के समापन अवसर पर कैडेट्स ने दस दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने विस्तारपूर्वक बताया कि शिविर के दौरान उन्होंने ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, सैन्य प्रशिक्षण तथा विभिन्न शारीरिक एवं सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण कौशल सीखे। कैडेट्स ने बताया कि इस शिविर ने उन्हें अनुशासन, समयबद्धता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं आपसी सहयोग का महत्व समझाया। उन्होंने शिविर के दौरान सीखी गई विभिन्न गतिविधियों एवं अनुभवों को अपने जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

समापन समारोह ने कैडेट्स के मन में अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और सामूहिकता की भावना को और मजबूत किया। यह दस दिवसीय शिविर कैडेट्स के लिए प्रशिक्षण, ज्ञान, अनुभव, मनोरंजन और अविस्मरणीय यादों से भरपूर रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button