ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह – ऊर्जा बचत का संदेश

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिनांक 1 से 7 नवंबर 2026 तक ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह’ मनाया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत आज ‘सेव एनर्जी’ थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
मण्डल के गोरखपुर जं0, ऐशबाग जं0, लखनऊ जं0, बस्ती, खलीलाबाद और गोंडा जं0 स्टेशनों पर यात्रियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और वेंडर्स को ‘मिशन-लाइफ’ शपथ दिलाई गई। इस दौरान घरों और कार्यालयों में बिजली बचाने के मुख्य तरीकों, बिजली उपकरणों के मेंटेनेंस और सोलर एनर्जी के प्रयोग के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई। स्वास्थ्य निरीक्षकों और जूनियर इंजीनियरों ने कर्मचारियों को ऊर्जा बचत के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर, बैनर, पंपलेट और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से रैली निकाली।
इससे पूर्व 01.11.2026 को इस अभियान के तहत रेल कर्मचारियों, उनके परिवारों और यात्रियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जिसके अन्तर्गत लखनऊ, गोरखपुर, गोंडा, ऐशबाग, बस्ती, खलीलाबाद और बहराइच जैसे प्रमुख स्टेशनों पर योग सत्र, जागरूकता रैलियां और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। स्टेशन पर घोषणाओं और जागरूकता सामग्री के वितरण के माध्यम से यात्रियों को स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया गया। मंडल के रेलवे चिकित्सालयों में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञों द्वारा चिकित्सा सलाह दी गई।


