‘‘चोरी करने वाले को जब लोग दौड़ाते हैं तो वह चोर-चोर चिल्लाता है’ : आराधना मिश्रा ‘मोना’
लखनऊ । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा‘मोना’ विधायक ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश में निकाली जाने वाली लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वही कहावत चरितार्थ हो रही है कि ‘‘चोरी करने वाले को जब लोग दौड़ाते हैं तो वह चोर-चोर चिल्लाता है’’। भारतीय जनता पार्टी ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए अपने अपने कुकृत्यों पर पर्दा डालने के लिए इस तरह का आयोजन कर रही है।
उन्होने कहा कि इण्डिया गठबन्धन की ‘‘वोट बचाओ-देश बचाओ’’ महारैली की ऐतिहासिक सफलता से भारतीय जनता पार्टी इतनी घबरा गई है, वह अब इस तरह की पदयात्राओं का कार्यक्रम करके असली मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। जिसे प्रदेश की जागरूक जनता बखूबी समझ रही है। भाजपा की यह पदयात्रा सिर्फ जनता को गुमराह करने और अपनी विफलताओं को छिपाने का एक राजनीतिक स्टंट है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उ0प्र0 सहित देश के कोने कोने से जिस प्रकार जननायक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को सुनने के लिए लाखों की संख्या में भीड़ जुटी और आम जनता का जनसमर्थन मिला, उससे भारतीय जनता पार्टी की घबराहट स्वाभाविक है क्योंकि इस महारैली ने भाजपा की नींव हिलाकर रख दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता अब इस प्रकार की ध्यान भटकाने वाली राजनीति को समझ चुकी है। असली लोकतंत्र तब बचेगा जब संवैधानिक संस्थाएं बिना किसी राजनीतिक दबाव के स्वतंत्र रूप से काम कर सकेंगी। जिस प्रकार एसआईआर के जरिए पीलीभीत में मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई और दो अधिकारी सस्पेंड हुए हैं, उसी प्रकार पूरे प्रदेश में मोदी सरकार के इशारे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की टीम द्वारा गड़बड़ियां किए जाने का पूरा अंदेशा है। उन्होने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता सूचियों की जांच की जा रही है। इन्हीं मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा पदयात्रा निकाल रही है।
आराधना मिश्रा‘मोना’ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मोदी और योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतंत्र को कमजोर करने के हर तरह के किए जा रहे हथकण्डे और कुप्रयास के खिलाफ आम जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।



