उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया गया और बाढ़ पीड़ित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री

लखनऊ । केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद  राजनाथ सिंह ने  आईआईएम रोड स्थित अल्लूनगर डिगुरिया चैक पर आयोजित कार्यक्रम में फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
बाढ़ प्रभावितों को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ आने के बाद से ही उनकी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी से लगातार बातचीत होती रही है। वह प्रतिदिन क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते रहे हैं। उन्होंने कहाकि क्षेत्रीय विधायक, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों ने इस दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और क्षेत्र में किये गये राहत कार्यों तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं से उन्हें लगातार अवगत कराया है।
उन्होंने कहाकि मिली जानकारी के आधार पर मुख्यमंत्री एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल बातचीत की। मुख्यमंत्री द्वारा आई0आई0एम0 रोड से फैजुल्लागंज तक बंधा निर्माण के लिए ₹182 करोड़ की लागत से निर्माण किये जाने की घोषणा की है, इसका शिलान्यास होकर निर्माण कार्य शीघ्र होगा।
रक्षामंत्री ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा, “आप लोग आश्वस्त रहिए, हम लोगों के रहते हुए फैजुल्लागंज को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।” उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आपदा से तुरंत छुटकारा पाना संभव नहीं है। इसके लिए धैर्य के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उन्होंने कहाकि क्षेत्रीय विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 10 हजार अतिरिक्त राशन किट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्हें घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवश्यकता वाले किसी भी परिवार को राहत सामग्री से वंचित न रहना पड़े।
बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली बीमारियों की आशंका पर उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि लगातार कार्य कर रहे हैं।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से भी उनकी बातचीत हुई है। फाउंडेशन ने आश्वस्त किया है कि आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त फैजुल्लागंज के लिए 10 हजार पैकेट और उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा, “यह भाषण देने का समय नहीं है, बल्कि संकट की इस घड़ी में आपके बीच आकर आपको भरोसा दिलाने का समय है कि हम सब आपके साथ हैं। बाढ़ पीड़ित परिवार से उन्होंने कहाकि मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम पूरी तत्परता से आपकी सेवा में लगे रहेंगे।” उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “आप लोगों के लिए जो कुछ भी मैं कर रहा हूँ, वह कोई एहसान नहीं है, बल्कि हमारा फर्ज है। हम अपना कर्ज निभा रहे हैं। आप हमारे संसदीय क्षेत्र के मतदाता हैं और आप ही हमारे भाग्य का फैसला करते हैं। चाहे मैं हूं या क्षेत्र के विधायक हों या पार्षद हों, बल्कि आपका हमारे ऊपर एहसान है। उस एहसान को चुकाने के लिए मुझे जो कुछ भी करना पड़ेगा, वह करेंगे।”
रक्षामंत्री ने दोहराया कि फैजुल्लागंज के लोगों को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उक्त कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधायक डॉ नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चैहान, रामचंद्र सिंह प्रधान, मुकेश शर्मा, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, रक्षामंत्री जी के विशेष कार्याधिकारी श्री के0पी0 सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी डॉ राघवेंद्र शुक्ल, पार्टी पदाधिकारी एवं वृन्दावन चन्द्रोदय मन्दिर अक्षय पात्र फाउण्डेशन इस्काॅन, बंगलौर के श्री श्याम किशोर दासा और क्षेत्रीय पार्टी कार्यकता एवं नागरिकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button