उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

मण्डल रेल प्रबंधक ने लखनऊ-बाराबंकी-अयोध्या –सुल्तानपुर रेलखंड का किया विस्तृत निरीक्षण

लखनऊ ::मण्डल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने आज लखनऊ-अयोध्या कैंट -सुल्तानपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन, परिचालन एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म शेड, कंट्रोल रूम भवन, वॉशरूम, टिकट काउंटर, खानपान स्टॉल, सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बाराबंकी स्टेशन पर ₹33.42 करोड़ की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास एवं निर्माण कार्य किया जा रहा है। मण्डल रेल प्रबंधक ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। इसके पश्चात् रुदौली स्टेशन से अयोध्या की ओर रेलखंड का निरीक्षण करते हुए समपार संख्या 141-सी/1ई का जायजा लिया तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आपने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद भरतकुंड रेलवे स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन भवन, रिले रूम एवं अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। भरतकुंड रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ₹17.04 करोड़ की लागत से स्टेशन भवन एवं अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके पश्चात मार्ग मे लेवल क्रॉसिंग संख्या 27-C/E-3 पर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देखा, निरीक्षण के अगले क्रम मे सुल्तानपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ₹36.85 करोड़ की लागत से स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा किया l

मण्डल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, संरक्षा तथा आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता सहित लखनऊ मंडल के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button