नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प के साथ छात्रों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला : ज्योति बाबा

कानपुर/शुक्लागंज। प्रधानमंत्री के नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान को जन-आंदोलन का रूप देते हुए स्वतंत्रता दिवस नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत आज कानपुर में छात्रों द्वारा एक विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण डीएसएम स्कूल में किया गया।
यह मानव श्रृंखला सोसाइटी योग ज्योति इंडिया, सूर्योदय फाउंडेशन एवं जरूरत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्त अभियान के प्रमुख एवं एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारी योग गुरु श्री ज्योति बाबा ने किया।
मानव श्रृंखला में छात्र उत्साह से शामिल हुए। श्रृंखला के दौरान भारत माता की जय और नशा मुक्त युवा, शक्तिशाली भारत के नारे गूंजते रहे।
मानव श्रृंखला का संयोजन धीरेंद्र राय व श्री कृष्ण लाल श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने कहा,आज का युवा ही 2047 के विकसित भारत का निर्माता है। यदि युवा नशे की चपेट में गया तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। इसीलिए हमने ज्योति बाबा नशा मुक्ति परिवार आंदोलन के माध्यम से घर-घर तक यह संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर योग गुरु श्री श्री ज्योति बाबा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, यह हाथों की नहीं, संकल्पों की श्रृंखला है। हर युवा को यह प्रण लेना होगा कि न केवल वह स्वयं नशे से दूर रहेगा, बल्कि अपने एक मित्र को भी नशे से बचाएगा। याद रखिए, नशेड़ी देश नहीं बना सकता, साधक ही देश बनाएगा। प्रधानमंत्री का सपना तभी साकार होगा जब हर घर नशा मुक्त होगा।
बाबा ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई के लिए परिवार में संवाद, 10 सेकंड का चिंतन और बुजुर्गों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर नशा मुक्त परिवार एवं नशा मुक्त भारत की शपथ ज्योति बाबा द्वारा ली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



