लखनऊ पुलिस की अनूठी पहल, मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित होगा बहू-बेटी सम्मेलन

लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट एक विशेष अभियान चलाने जा रहा है। पुलिस आयुक्त श्री अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस मंथन-2025 की संस्तुतियों और उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार, यह पहल मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत शुरू की गई है।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विवाहित महिलाओं में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या जैसी दुखद घटनाओं को रोकना है। पुलिस अधिकारी और काउंसलर्स थानों में महिलाओं, छात्राओं और किशोरियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान उनकी समस्याओं को न सिर्फ सुना जाएगा, बल्कि मौके पर ही आवश्यक परामर्श और विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सम्मेलन में महिलाओं को उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो, बाल विवाह प्रतिषेध कानून और महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को वर्तमान समय में बढ़ते खतरे, जैसे कि डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त महिला अपराध एवं सुरक्षा श्रीमती ममता रानी चौधरी ने इस संबंध में बताया कि जागरूक और सशक्त महिला ही एक सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकती है। लखनऊ कमिश्नरेट महिलाओं के लिए एक भयमुक्त और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अभियान के जरिए युवतियों और छात्राओं को शिक्षा व आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



