माँ के नाम एक पेड़’ से जुड़ रहा हर घर: NDMC का संडे ग्रीन मिशन बना जनआंदोलन
गोल मार्केट में कुलजीत सिंह चहल के नेतृत्व में नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को नई दिल्ली में लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने आज लक्ष्मीबाई नगर स्थित Government Employees RWA (Block 18 से 42, सेक्टर-2), गोल मार्केट में आयोजित *#EkPedMaaKeNaam_OnSunday* कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर RWA के पदाधिकारीगण अमित कुमार (Resident), सुदेश किंगरा (Vice President), सरिता, अमित कुमार सिन्हा, ओम सिंह (Convenor), विद्या यादव तथा रमेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान चहल ने स्वयं पौधारोपण कर नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक जन-संकल्प है, जो हमें अपनी माँ के सम्मान के साथ-साथ प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा देता है।” उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
श्री चहल ने जानकारी दी कि NDMC द्वारा वर्षभर के लिए एक विशेष “Sunday Green Calendar” तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल में NDMC के Horticulture, Health, Civil एवं Sanitation विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं, ताकि पौधारोपण से लेकर उनकी देखरेख और संरक्षण तक सभी कार्य वैज्ञानिक एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किए जा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि NDMC की ये हरित पहलें माननीय प्रधानमंत्री के **“विकसित भारत @2047”** के विज़न के अनुरूप हैं, जिसमें स्वच्छ पर्यावरण, हरित शहरी विकास और जनभागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी गई है। **#EkPedMaaKeNaam_OnSunday** जैसे अभियानों के माध्यम से NDMC न केवल हरित क्षेत्र का विस्तार कर रही है, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ कर रही है।
इस अवसर पर RWA पदाधिकारियों ने क्षेत्र की रखरखाव (maintenance) से संबंधित कुछ मुद्दे भी NDMC के समक्ष रखे। श्री चहल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। RWA प्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए NDMC का आभार भी व्यक्त किया।
श्री चहल ने विश्वास जताया कि नागरिकों के सहयोग और सक्रिय भागीदारी से NDMC क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकेगा।



