उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना नायर ने लखनऊ छावनी स्थित सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज का विदाई दौरा किया

लखनऊ : महानिदेशक सेना चिकित्सा सेवा की महानिदेशक (डीजीएमएस) एवं वरिष्ठ कर्नल कमांडेंट सेना चिकित्सा कोर, लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना नायर ने 16 सितंबर 2025 को लखनऊ छावनी स्थित सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज का दौरा किया। सेना चिकित्सा कोर में एक सफल और शानदार कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्ति से पहले उनके विदाई दौरे पर उन्हें सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज, लखनऊ की ओर से गर्मजोशी से विदाई दी गई।

जनरल ऑफिसर को वर्ष 1985 में कमीशन मिला था और उन्होंने सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं में 39 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा प्रदान की है। वह पारिवारिक चिकित्सा में विशेषज्ञ हैं और प्रतिष्ठित ‘सशस्त्र बल चिकित्सा महाविद्यालय, पुणे’ से स्नातक हैं।

अपनी दौरे के दौरान, लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना नायर ने एएमसी युद्ध स्मारक ‘श्रद्धांजलि’ पर सेना चिकित्सा कोर के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ओटीसी परेड ग्राउंड में जनरल ऑफिसर को एक शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस गारद टुकड़ी की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज राय ने संभाली जो पारंपरिक शान और सैन्य सटीकता से परिपूर्ण था। डीजीएमएस (सेना) के साथ सेना चिकित्सा कोर (एएमसी) केंद्र एवं कॉलेज के कमांडेंट एवं एएमसी अभिलेख प्रमुख तथा सेना चिकित्सा कोर के कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

लेफ्टिनेंट जनरल साधना सक्सेना नायर ने एएमसी सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के सभी रैंकों के लिए एक विशेष सैनिक सम्मेलन को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में, उन्होंने सशस्त्र बलों के कर्मियों और उनके आश्रितों को प्रतिबद्धता, करुणा और उत्साह के साथ उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के महत्व पर ज़ोर दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button