लखनऊ मण्डल के प्रमुख स्टेशनों गोरखपुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग एवं लखनऊ जंक्शन पर निरन्तर स्वच्छता अभियान

लखनऊ । भारतीय रेल द्वारा 16 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक और समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी परिप्रेक्ष्य में आज लखनऊ मण्डल के प्रमुख स्टेशनों गोरखपुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग एवं लखनऊ जंक्शन पर निरन्तर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशनों पर सुलभ प्रसाधनों, वेटिंग हॉल, वेस्टिबुल एरिया, प्लेटफॉर्म व ट्रेनों के अंदर की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है साथ ही, रेलवे सुपरवाइजर्स द्वारा ट्रेनों में लिनेन की सफाई, और भंडारण की प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया जा रहा है ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुविधाजनक सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
मण्डल द्वारा शहरी स्थानीय निकायों के सहयोग से रेलवे कालोनियों, रेलवे ट्रैक के किनारों पर तथा उसके आसपास के क्षेत्रों से कचरे को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वच्छता को बनाए रखने के लिए स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को कचरा प्रबंधन में सहूलियत हो।
मण्डल में स्वच्छता संबंधी जागरुकता के प्रचार-प्रसार की दृष्टि से स्टेशनों तथा रेलवे परिसरों में गंदगी फैलने से होने वाले नुकसान को यात्री जनों एवं आम जनमानस तक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से संदेश पहुॅंचाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में पोस्टर/बैनर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता फैलायी जा रही है। इसके अतिरिक्त, स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्टेशनों पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है।



