स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए एनडीएमसी ने लोदी गार्डन में 200 मीटर रनिंग ट्रैक का निर्माण प्रारंभ किया : कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) नई दिल्ली के लोदी गार्डन में 200 मीटर रनिंग ट्रैक का निर्माण कार्य कर रही है। इस पहल का उद्देश्य जॉगिंग और दौड़ने के शौकीनों को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है, जिससे नागरिकों और आगंतुकों के बीच स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा दिया जा सके। यह जानकारी एनडीएमसी के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने दी।
चहल ने बताया कि ट्रैक के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसके 10 जुलाई 2025 तक पूरा होने की संभावना है। उन्होंने कहा, “यह ट्रैक विशेष रूप से दौड़ने और जॉगिंग के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है, ताकि उपयोगकर्ताओं को एक सुरक्षित और आरामदायक अनुभव मिल सके। यह न केवल स्थानीय निवासियों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि लोदी गार्डन आने वाले फिटनेस प्रेमियों, एथलीटों और खेल प्रेमियों को भी आकर्षित करेगा। चहल ने कहा कि लोधी गार्डन में प्रस्तावित साइकिलिंग ट्रैक सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बने जॉगिंग ट्रैक से प्रेरित होकर विकसित किया जा रहा है जो कि लोधी गार्डन के गेट नंबर 5 के पास स्थित होगा।
चहल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रैक पर बजरी सतह का उपयोग किया जाएगा और इसके साथ एक स्प्रिंकलर प्रणाली भी स्थापित की जाएगी, जिससे धूल को नियंत्रित किया जा सके और सतह की स्थिति को बेहतर रखा जा सके। उन्होंने कहा, “बजरी सतह से दौड़ने का अनुभव नरम और सुरक्षित होता है और यह सिंथेटिक ट्रैक की तुलना में कम रखरखाव की मांग करता है।”
परियोजना के व्यापक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए, चहल ने कहा, “यह एक पायलट प्रोजेक्ट है। यदि सफल रहा, तो एनडीएमसी नई दिल्ली के अन्य प्रमुख पार्कों में भी इसी तरह के ट्रैक विकसित करने की योजना बना रही है। हमने पहले ही नेहरू पार्क में एक सिंथेटिक ट्रैक विकसित किया है, लेकिन उसका रखरखाव अधिक है। यह नई पहल कम लागत और कम रखरखाव वाले विकल्प को बढ़ावा देने के लिए है।”
चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न में युवा वर्ग की फिटनेस को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसी पहल शुरू कीं, ताकि देश में खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। माननीय प्रधानमंत्री का मानना है कि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा न केवल देश की उत्पादकता को बढ़ाएंगे, बल्कि उनमें संकल्प, टीमवर्क और विजयी भावना जैसे गुण भी विकसित होंगे, जो विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
चहल ने कहा कि रनिंग ट्रैक के अलावा, एनडीएमसी ने नई दिल्ली शहर में स्वास्थ्य और फिटनेस के ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम किया है, जिसमें बड़े पार्कों में साइक्लिंग ट्रैक, ओपन जिम और नेहरू पार्क में जॉगिंग ट्रैक का निर्माण आदि शामिल है। ये सभी पहलें माननीय प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, जिसमें नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।


