रेलवे स्टेशनों पर पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए

लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में 22 मई से 05 जून 2025 तक मनाई जा रहे अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल के गोरखपुर, लखनऊ, खलीलाबाद, और ऐशबाग रेलवे स्टेशनों पर पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना और स्वच्छता को बढ़ावा देना रहा। मंडल के गोरखपुर जंक्शन पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री नरेश कुमार की अध्यक्षता में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे कर्मचारियों, अधिकारियों और संविदा कर्मियों ने भाग लिया। स्टेशन पर सफाई उपकरणों और मैकेनाइज्ड मशीनों की प्रदर्शनी लगाई गई, साथ ही पर्यावरण संरक्षण पर एक संगोष्ठी भी आयोजित की गई। लखनऊ जंक्शन पर स्टेशन निदेशक श्री अरविंद पांडे द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें कर्मचारियों और संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया। ऐशबाग जंक्शन पर डॉ. दीक्षा चौधरी, डॉ संजय तिवारी , डॉ. रंजना पाटनी, सीएचआई मनीष पांडे, स्टेशन अधीक्षक, और यात्रियों ने जागरूकता रैली में भाग लिया और वृक्षारोपण किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्लास्टिक कचरे के निपटान, रिसाइक्लेबल सामग्री के उपयोग, और एकल उपयोग प्लास्टिक के निषेध पर जोर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्टेशनों पर पोस्टर, पैम्फलेट, और डिजिटल सामग्री के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। रेलवे कर्मचारियों के लिए अपशिष्ट प्रबंधन और पुनर्चक्रण पर कार्यशालाएँ आयोजित की गईं, साथ ही यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल इस तरह के आयोजनों के माध्यम से समाज में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।



