उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का कार्य पूरा, जल्द होगा जनता को समर्पित

कानपुर। शहर को जल्द ही एक भव्य और अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर की सौगात मिलने जा रही है। गुरुवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय ने चुन्नीगंज स्थित निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का औचक निरीक्षण किया और जून के पहले सप्ताह तक इसे नगर निगम को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।महापौर के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और परियोजना से जुड़े इंजीनियर भी उपस्थित रहे।

महापौर ने निरीक्षण के बाद बताया कि यह केंद्र उनके कार्यकाल की एक महत्वाकांक्षी एवं स्वप्न परियोजना है, जो जल्द ही शहरवासियों को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों के अनुरूप है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने वाला एक मॉडल बनेगा।

महापौर प्रमिला पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा इस कन्वेंशन सेंटर का संचालन किया जाएगा और संचालन व रखरखाव की दीर्घकालिक योजना हेतु भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर से विस्तृत मैनुअल तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण में हुई देरी पर संज्ञान लेते हुए केएसईसीओ को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

महापौर ने निरीक्षण के उपरांत कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर न केवल कानपुर की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा, बल्कि यह शहर के सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए एक केंद्रबिंदु बनेगा। उन्होंने इसे अपने कार्यकाल की एक “महत्त्वाकांक्षी और स्वप्न परियोजना” बताया।

महापौर ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व गुजरात की यात्रा के दौरान उन्होंने वहां के आधुनिक कन्वेंशन सेंटर को देखा और तभी यह विचार मन में आया कि कानपुर जैसे औद्योगिक और सांस्कृतिक नगर में भी एक ऐसे केंद्र की आवश्यकता है। कन्वेंशन सेंटर की डिज़ाइन विशेष रूप से कमल पुष्प की थीम पर आधारित है, जो भारतीय संस्कृति में सुंदरता, पवित्रता और सृजनशीलता का प्रतीक है।

महापौर प्रमिला पाण्डेय ने बताया कि वह इस परियोजना के लोकार्पण हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर जी और राज्य मंत्री  ए.के. शर्मा जी से शीघ्र समय प्राप्त करने हेतु निवेदन करेंगी।

परियोजना के प्रमुख तथ्य और विशेषताएं
परियोजना लागत: ₹96.10 करोड़
प्रदर्शनी हॉल: 16,000 और 12,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल
सम्मेलन कक्ष: 300 सीटों की क्षमता
बैठक कक्ष: तीन (प्रत्येक में 100 लोगों की क्षमता)
आवासीय सुविधा: छह अतिथि कमरे और दो सुइट
फूड कोर्ट: 8,000 वर्ग फुट
पार्किंग: 68 वाहनों के लिए कवर्ड पार्किंग

Related Articles

Back to top button