उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

कुलजीत सिंह चहल ने बंगाली मार्केट में रात के विशेष सफाई अभियान का नेतृत्व किया

सूखी सफाई के साथ-साथ रात्रिकालीन गीली सफाई भी अब चार प्रमुख बाजारों में लागू

नई दिल्ली : नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने अपने “विकसित NDMC @2047” मिशन के तहत रात के समय बंगाली मार्केट में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस चौथे चरण के अभियान का नेतृत्व NDMC के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने किया।

इससे पूर्व NDMC द्वारा खान मार्केट, जनपथ और सरोजिनी नगर जैसे प्रमुख बाजारों में भी इसी प्रकार के रात्रिकालीन सफाई अभियान सफलता पूर्वक चलाए जा चुके हैं। NDMC अब इन सभी व्यस्त बाजारों में हर रात नियमित रूप से गीली सफाई की व्यवस्था लागू कर रहा है।

बंगाली मार्केट में हुए इस अभियान में बंगाली मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के श्री मुकेश गुप्ता–प्रेसिडेंट और श्री प्रमोद गुप्ता–सेक्रेटरी के साथ स्थानीय दुकानदारों, स्वास्थ्य और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सफाई कर्मचारी शामिल हुए। अभियान के दौरान रात 11 बजे से पहले सूखी सफाई और फिर हाई-प्रेशर जेट मशीनों की मदद से सड़कों, नालियों व फुटपाथों की गीली सफाई की गई। NDMC की 14 सदस्यीय टीम ने सफाई सैनिकों व निरीक्षकों के साथ मिलकर इस कार्य को पूर्ण किया ।

श्री चहल ने कहा कि रात्रिकालीन सफाई अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए परिषद द्वारा मैकेनिकल रोड स्वीपर, जेट स्प्रेयर जैसी आधुनिक सफाई मशीनें खरीदी जा रही हैं, ताकि इस मॉडल को अन्य प्रमुख बाजारों और परिषद की आवासीय कॉलोनियों में भी शीघ्रता से लागू किया जा सके।

श्री चहल ने कहा कि बंगाली मार्केट न सिर्फ एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक है। अब यहां पर हर रात आधुनिक तकनीक की सहायता से गीली सफाई की जाएगी, जिससे नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर वातावरण मिलेगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही इस मॉडल को कनॉट प्लेस, पंडारा रोड, गोल मार्केट, मालचा मार्ग, खन्ना मार्केट, शंकर मार्केट, यूसुफ सराय सहित अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। NDMC के सभी आवासीय क्षेत्रों में RWAs और स्थानीय निवासियों के सहयोग से भी यह सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।

स्थानीय व्यापारियों ने NDMC की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल बाजार की स्वच्छता में सुधार हुआ है, बल्कि ग्राहकों का अनुभव भी सकारात्मक रूप से प्रभावित हुआ है।

*2. कुलजीत सिंह चहल ने किया “मेगा सैनिटेशन ड्राइव” का ऐलान: NDMC के सभी अधिकारी और कर्मचारी होंगे श्रमदान में शामिल*

परिषद उपाध्यक्ष  कुलजीत सिंह चहल ने जानकारी दी कि NDMC एक सप्ताह तक चलने वाली विशेष “मेगा सैनिटेशन ड्राइव” की शुरुआत सोमवार, 5 मई से शुक्रवार 9 मई तक कर रहा है। इस अभियान के तहत NDMC के हर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी, चाहे वह किसी भी स्तर के हों, रोज सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक परिषद के अलग अलग हिस्सों में अपना श्रमदान कर इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

NDMC क्षेत्र को इस अभियान हेतु 14 ज़ोनों में विभाजित किया गया है, जहां पर सभी को उनके निर्धारित स्थानों पर तैनात किया जाएगा। यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारी, जन-भागीदारी और व्यक्तिगत योगदान के माध्यम से स्वच्छता को जनांदोलन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

श्री चहल ने कहा, “जब NDMC के अधिकारी खुद मैदान में उतरेंगे, तो एक प्रेरणादायक संदेश जाएगा कि स्वच्छता सभी की साझी जिम्मेदारी है। यह ड्राइव हमारी प्रशासनिक सोच को ‘स्वच्छ, सक्रिय और उत्तरदायी’ बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।”

NDMC द्वारा चलाए जा रहे ये दोनों अभियान — एक ओर रात्रिकालीन गीली सफाई की स्थायी व्यवस्था और दूसरी ओर अधिकारियों-कर्मचारियों की भागीदारी से श्रमदान — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं। NDMC का लक्ष्य आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में देश की नंबर 1 नगर परिषद बनना है, और यह पहल उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ये प्रयास राजधानी दिल्ली को एक स्वच्छ, सुंदर, विकसित और नागरिकों के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

Related Articles

Back to top button