उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

आगामी बजट दिल्ली के लोगों के लिए होगा जो दिल्ली को विकसित राजधानी बनने का गौरव प्रदान करेगा : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की है। निश्चित रूप से भाजपा की सरकार दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हम बार-बार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि जिस तरह से पिछले 10-11 वर्षों में दिल्ली का विकास अवरुद्ध हुआ है, उसे एक निश्चिंत दृष्टिकोण के साथ पुनः पटरी पर लाना बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हमारी पूरी सरकार ने इस मामले में बहुत गंभीरता से सोचा है। पिछले 7-8 दिनों में ही योजना बनाकर, मीटिंग करके अपना काम शुरू कर दिया है। यह तय है कि यह बजट दिल्ली के लोगों के लिए होगा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में ‘आम जनता’ की सरकार है इसलिए आम जनता की राय लेने के बाद ही हम एक ऐसा बजट पेश करेंगे जो जनता के लिए होगा और दिल्ली के सर्वांगिण विकास की गाथा निकलेगा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में जिस प्रकार से कैग की रिपोर्ट से अरविंद केजरीवाल के एक-एक भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है वह साफ़ स्पष्ट करता है कि दिल्ली में 2015 से सिर्फ़ लूट और घोटालों के लिए सरकार चलाई जा रही थी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हेल्थ पर आई कैग रिपोर्ट ने कई सारे सवाल एक बार फिर से अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों चाहे वह गोपाल राय हो, आतिशी हो या सौरभ भारद्वाज से लेकर मनीष सिसोदिया पर खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जहां भी हाथ डाला है वहाँ सिर्फ़ लूटने के अलावा कुछ नहीं किया है।

श्री सचदेवा ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के नेता सदन में कार्रवाई में और चर्चा में बाधा डाल रहे हैं लेकिन इसी सदन में पिछले 12 सालों से क्या हो रहा था उसे हम सब देख चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले बारह सालों से भाजपा विधायकों को सदन से बार बार बाहर निकलवाकर भी कोई विकास पर चर्चा नहीं की गई और आज दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए चर्चा हो रही है तो उसमें बाधा बनने के काम आतिशी और उनके विधायक कर रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button