रूमी दरवाजा लखनऊ के पहचान चिन्ह के रूप में पेश किया जाता है
लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतें सिरीज

के. सरन
लखनऊ का जिक्र होते ही दुनियां के सामने सबसे पहले रूमी दरवाजा को लखनऊ के पहचान चिन्ह के रूप में पेश किया जाता है।
रूमी दरवाजा आज से लगभग 250 वर्ष पूर्व नवाब आसफुद्दौला ने बनवाया था। इसका निर्माण कार्य सन् 1784 में शुरू हुआ और 1786 में समाप्त हुआ था।
उस समय लखनऊ में भयंकर अकाल पड़ा था।आसफुद्दौला ने खाने पहनने के लिए प्रजा की मदद की नियत से सहायता राशि बंटवानी शुरू की तो पता चला कि ऊंचे घराने के इज्जतदार लोग बिना काम किये मुफ्त में दान या भीख समझकर सहायता लेने को तैयार नहीं थे। नवाब ने इसकी तरकीब निकाली और उस समय निर्माणाधीन रूमी दरवाजा और इमामबाड़े का निर्माण कार्य दिन के अलावा रात में भी चालू करवा दिया ताकि ऐसे इज्जतदार लोग जो इज्जत जाने के भय से दिन में घर से निकल कर लोगों के सामने मजदूरी नहीं कर सकते थे वे रात में आकर काम चुपचाप करके चले जाऐं और उसकी एवज में उन्हे गुजारे के लिए दी जाने वाली सहायता राशि मेहनत से हुई कमाई कहकर दे दी दी जाए। इसी कारण उस समय बन रही इमारतों जिनमें आसिफी इमाम बाड़ा और रूमी दरवाजा भी था, का निर्माण कार्य दिन- रात चलता था।
इसका डिजाइन वास्तुकार किफायत उल्ला खां ने तैयार किया था। डा. योगेश प्रवीन जी ने लिखा है कि यह वही कारीगर था जिसने रूमी दरवाजे के चन्द्राकार अर्द्ध गुम्बद की छत की ड़ाॅट, लखनऊ की नाजुक मिट्टी, लखौड़ी ईंटों और बादामी चूने के लसदार मसाले से बखूबी संभाला था ।जो आज भी उसी तरह बनी हुई है।

रूमी दरवाजे की यह विशेषता और डिजाइन ही इसकी प्रसिद्धि का कारण है। लखनऊ का यह शाही दरवाजा कान्सटिनपोल के एक प्राचीन दुर्ग के द्वार की नकल जैसा मानकर उन्नीसवीं सदी में “कुसतुनतुनिया” भी कहा जाने लगा था।
रूमी दरवाजे की ऊंचाई साठ फिट है। इसके सबसे ऊपरी भाग पर एक आठ पहलू छतरी बनी है जहां तक पहुंचने का रास्ता भी इसमें बना है। ऊपरी भाग की सजावट के लिए इसमें बनी कमल ,नागफनी की डिजाइनों की कमल जैसी आकृतियां देखने वालों का मन मोह लेती हैं।अन्दर की ओर बनी मेहराबों की सजावट नागर शैली के बेलबूटों से की गई है।यह दरवाजा शंखाकार है जिसकी मेहराबें किसी कमान की तरह झुकी हैं।
पश्चिम की ओर से यह त्रिपोलिया जैसी है जबकि पूरब की ओर से यह पंचमहाल के रूप में दिखता है। इस दरवाजे और बड़ा इमाम बाड़ा के निर्माण कार्यों में उस समय एक करोड़ रुपये खर्च हुआ था जब एक रूपये में तीस सेर गेहूं मिलता था।
रूमी दरवाजा को देखकर कोई यह अंदाजा नहीं लगा सकता है कि इसका निर्माण बिना सीमेंट, सरिया और लकड़ी का प्रयोग किये हुए,हुआ होगा। यह इमारत अपने प्रभावशाली निर्माण और मजबूती की दृष्टि से बड़ी बड़ी पथरीली ऐतिहासिक इमारतों से टक्कर लेती है।

लखनऊ के निवासी और जनमानस में इस गेट की इस कदर लोकप्रियता थी कि अवध से दूर बृज धाम वृन्दावन में लखनऊ के नामी रईस साह कुन्दन लाल ने साह बिहारी जी के मन्दिर का निर्माण कराया तो इसका गुलाबी पत्थर से बनवाया प्रवेश द्वार रूमी दरवाजे की शैली का ही बनवाया।
(सर्वाधिकार सुरक्षित)



