राष्ट्रीय लोकदल जायज मांगों के लिए उनके साथ पूरी तरह से खड़ा रहेगा : अनिल दुबे
लखनऊ : राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता अनिल दुबे ने प्राइवेट वाहन चालकों को 5000 रुपए पेंशन राशि देने,15 लाख रुपए दुर्घटना बीमा देने, आयुष्मान योजना का लाभ देने व सरकार द्वारा निर्धारित वेतन को लागू करने की मांग करते हुए कहा है कि वे इसे लागू कराने के लिए रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को वाहन चालकों की समस्याओं से अवगत कराएंगे।
दुबे उत्तर प्रदेश प्राइवेट वाहन चालक यूनियन के 11वे स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में प्राइवेट वाहन चालकों को विश्वास दिलाया कि राष्ट्रीय लोकदल जायज मांगों के लिए उनके साथ पूरी तरह से खड़ा रहेगा. इस सम्बन्ध में वे प्रदेश के परिवहन मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में एनडीए की सरकार है जो किसानों मजदूरों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं और उनके विकास के लिए प्रयत्न शील है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल उनके साथ अन्याय नहीं होने देगा।
वाहन चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश कश्यप व महामंत्री अमित यादव ने अनिल दुबे का स्वागत करते हुए उन्हें वाहन चालकों की समस्याओं से अवगत कराया और उनके निराकरण हेतु सहयोग का अनुरोध किया।
समारोह में चंद्र शेखर ,मस्त राम पाण्डे,तरुण कन्नौजिया, रंजीत सिंह, राम गोपाल कश्यप, महेंद्र कुमार, राम किशोर पाल धनगर, रमेश कुमार यादव, रास नारायण तिवारी मुन्ना राय सहित बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने हिस्सा लिया।