उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

महिला के घर में घुसा सिपाही, ग्रामीणों ने पेड़ से बांध कर पीटा

गोरखपुर : गगहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात एक महिला के घर में सादी वर्दी में घुसे डायल 112 में तैनात सिपाही को महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने सिपाही को पेड़ से बांध कर पीटा भी। सूचना पर गगहा थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और सिपाही को साथ ले गई। प्रकरण की जानकारी होने पर एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच का निर्देश दिया है।

बताया जा रहा है कि गाजीपुर जिले के रहने वाले डायल 112 में तैनात सिपाही केशरीनंदन की कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि केशरीनंदन कथित महिला दोस्त के कहने पर उसके देवर को उत्पीड़न और मारपीट के मामले में थाने ले गया और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया। इसके बाद से ही देवर को भाभी और सिपाही को लेकर शक हो गया था। इसके बाद वह मौके की तलाश में था।

बताया जा रहा है कि रविवार रात में सिपाही सादी वर्दी में महिला के घर में घुस गया। इसका पता चलते ही देवर ने हल्ला मचा दिया। शोर सुनकर गांव वाले भी पहुंच गए और सिपाही को पकड़ लिया। सिपाही सादी वर्दी में था, इस वजह से गांव वाले नहीं जान पाए कि वह पुलिसकर्मी है। उसने जब खुद को पुलिस वाला बताया तो गांव वाले और गुस्सा हो गए और उसे पेड़ से बांध कर पिटाई कर दी। इसी बीच सूचना मिलने पर गगहा थाना पुलिस गांव पहुंच गई और सिपाही को थाने ले आई। वहीं, महिला ने सिपाही से किसी भी तरह की जान पहचान से इनकार किया है। महिला के देवर ने सिपाही के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

सिपाही पर लगे आरोपों के आधार पर निलंबित कर विभागीय जांच का निर्देश दिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button