बादल सरकार का नाटक ‘पगला घोड़ा’ उत्कृष्ट साहित्य को परिभाषित करता है : अंशुमन झा
झा ज़ी थिएटर के इस टेलीप्ले में अभिनय कर रहे हैं जो समाज के बारे में कई प्रासंगिक प्रश्न उठाता है

अंशुमन झा सिर्फ 13 साल के थे जब वह पृथ्वी थिएटर में आयोजित बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन अभिनय कार्यशालाओं में शामिल हुए। बाद में उन्होंने 17 साल की उम्र में बैरी जॉन अकादमी से अभिनय में डिप्लोमा कोर्स पूरा किया और आज न केवल ‘लव सेक्स और धोखा’, ‘चौरंगा’ और ‘लकड़बग्घा’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, बल्कि थिएटर से भी उनका गहरा रिश्ता है। उन्होंने क्वासर पदमसी, जॉय फर्नांडिस, जैमिनी पाठक और रामू रामनाथन जैसे थिएटर दिग्गजों के साथ काम किया है और बादल सरकार के नाटक ‘पगला घोड़ा’ में भी अभिनय किया है।

ज़ी थिएटर के इस टेलीप्ले की प्रासंगिकता के बारे में बात करते हुए, जो 1960 में लिखा गया था, अंशुमन कहते हैं, “रिश्ते तब भी थे, अब भी हैं। प्यार और शोक हमेशा मानव अस्तित्व का हिस्सा रहेंगे। ‘पगला घोड़ा’ प्यार की अवधारणा पर सवाल उठाता है और यह नाटक पुरुष-महिला संबंधों के बहुआयामी स्पेक्ट्रम की पड़ताल करता है। पितृसत्ता यहां एक अंतर्निहित धारा की तरह है – चाहे हम मानें या नहीं, यह तब भी प्रासंगिक थी और अब भी प्रासंगिक है, खासकर हमारे देश में। ‘पगला घोड़ा’ उत्कृष्ट साहित्य को परिभाषित करता है और इसलिए कालजयी है।”
यह नाटक चार पुरुषों के इर्द-गिर्द बुना गया है जो एक अज्ञात महिला का अंतिम संस्कार करने के लिए इकट्ठा होते हैं। उसका अंतिम संस्कार करने के बाद, वे शराब पीना शुरू कर देते हैं और कई रहस्य खुल जाते हैं। नाटक पर चर्चा करते हुए, अभिनेता कहते हैं, “लेखन की ताकत इसकी सादगी है जो मानवीय रिश्तों की जटिलता पर प्रकाश डालती है।एक अनाम मृत लड़की की आत्मा इन चार पुरुषों को उनके पिछले प्रेम जीवन के बारे में याद दिलाती है और उनके अंदर छुपे अपराध बोध को सामने लाती है। और फिर जब वह अपने एकतरफा प्यार की कहानी बताती है – जबकि उसका शरीर जल रहा है – तो हम अपने सामने पितृसत्तात्मक व्यवस्था का विघटन देखते है। ”
अपनी भूमिका के बारे में, अंशुमन कहते हैं, “हिमाद्री का किरदार इस जीवन काल में मेरे सबसे पसंदीदा अभिनय अनुभवों में से एक रहेगा। अच्छा साहित्य हम पर हमेशा प्रभाव छोड़ता है। कभी-कभी जल्दी से , और कभी धीमी आंच से । मैं बिकास मिश्रा (निर्देशक) और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद देता हूं कि ‘पगला घोड़ा’ को बेहतर ढंग से समझने में मदद करके उन्होंने एक कलाकार के रूप में मेरे जीवन को समृद्ध बनाया। इस नाटक ने मुझे यह भी सिखाया कि आपके पास जो भी है उसके लिए आभारी होना चाहिए और प्यार को कभी पौरुष जताने का बहाना नहीं बनाना चाहिए!”
विकास रंजन मिश्रा द्वारा निर्देशित इस टेलीप्ले में विक्रम कोचर, चित्रांगदा चक्रवर्ती, गोपाल सिंह और रवि खानविलकर भी हैं।



